Nawada News: नवादा में एक पार्सल ट्रक के भीतर से गांजा बरामद किया गया. पुलिस तलाशी में 142 किलो अवैध मदाक पदार्थ जब्त किया गया. तस्कर उड़ीसा से बिहार में गांजा खेप की डिलीवरी देने आया था.
नारदीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक पार्सल वाहन से 142 किलो गांजा बरामद किया है. यह कार्रवाई जिले में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक मानी जा रही है. पुलिस ने मौके से वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है. जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली और अंदर भरे बंडलों को खोला, तो वहां मौजूद अधिकारियों के भी पैरों तले जमीन खिसक गई.
142 किलो गांजा बरामद
जानकारी के अनुसार, नारदीगंज पुलिस को गांजा तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद थानाध्यक्ष आदित्य कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. थाना क्षेत्र के वनगंगा के पास सघन वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो (बीआर 11 जी ए 6554) को रोका गया. यह वाहन डाक पार्सल की ढुलाई के लिए उपयोग में लाया जाता था, जिससे किसी को शक न हो. जांच के दौरान पुलिस को वाहन के अंदर कुछ संदिग्ध बंडल दिखाई दिए. जब बंडलों को खोलकर देखा गया तो उनमें से 02-02 किलो के कुल 71 बंडल गांजा बरामद हुआ. कुल वजन 142 किलो आंका गया है. पुलिस ने तुरंत गांजा को वाहन समेत जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया.
उड़ीसा से लेकर आया था गांजा
गिरफ्तार चालक की पहचान बख्तियारपुर निवासी ओमप्रकाश सिंह, पिता योगेन्द्र सिंह के रूप में की गई है. पूछताछ के दौरान चालक ने पुलिस को बताया कि वह यह गांजा उड़ीसा के भुवनेश्वर से लेकर आ रहा था, जिसे बख्तियारपुर में किसी व्यक्ति को डिलीवरी देनी थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है. थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि जब्त गांजा की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है. उन्होंने कहा कि तस्कर डाक पार्सल वाहन का इस्तेमाल इसलिए कर रहे थे ताकि किसी को शक न हो और आसानी से नशे की खेप को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाया जा सके.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.