नारनौल पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
हरियाणा के नारनौल में थाना शहर पुलिस ने मोहल्ला सलामपुरा में स्कूल के पास युवक पर जानलेवा हमला कर फायरिंग करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी रेवाड़ी जिला के हेँ, जबकि एक महेंद्रगढ़ का है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी नांगल दर्गू (थाना निजामपुर), नीरज निवासी मुरलीपुर (थाना जाटूसाना) और सतेंद्र निवासी टूमना (थाना कोसली) के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
गोली चलने की जानकारी देता युवक। फाइल फोटो।
राधा कृष्णा पार्क के पास चलाई थी गोलियां
पुलिस के अनुसार, यह मामला 6 जनवरी की रात का है। मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी जितेंद्र ने थाना शहर नारनौल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में सवार होकर श्याम कॉलोनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान राधा कृष्णा पार्क के पास एक थार गाड़ी ने उनका रास्ता रोक लिया।
थार में आए थे
थार से शिवदयाल व उसके अन्य साथी उतरे और उन्होंने जान से मारने की नीयत से जितेंद्र पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि वह इस हमले में बाल-बाल बच गया। शिकायत के आधार पर थाना शहर नारनौल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एक रिमांड पर
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि एक आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियारों की बरामदगी की जा सके और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच पूरी की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.