उत्तराखंड की खूबसूरत सरोवर नगरी नैनीताल वैलेंटाइन डे पर कपल्स के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन बन चुकी है. शहर के प्रमुख पर्यटक स्थलों और ठंडी सड़क, माल रोड पर झील किनारे टहलना एक अनोखा अहसास देता है. आज हम आपको नैनीताल की उन जगहों के बारे में बताएंगे जहां आप अपने पार्टनर के साथ वेलेंटाइन डे मना सकते हैं.
वैलेंटाइन डे पर अगर आप अपने पार्टनर को किसी यादगार नज़ारे का तोहफा देना चाहते हैं, तो हिमालय दर्शन पॉइंट सबसे खास जगहों में से एक है. यहां से नंदा देवी, त्रिशूल, मैकटोली और पंचाचूली समेत पूरे कुमाऊं और गढ़वाल हिमालय की बर्फीली चोटियां साफ दिखाई देती हैं. सुबह के समय सूरज की किरणें जब पहाड़ों पर पड़ती हैं, तो पूरा वातावरण सुनहरी आभा से भर जाता है. ठंडी हवाएं और शांत आबोहवा इस जगह को बेहद रोमांटिक बना देते हैं. कपल्स यहां बैठकर फोटोशूट और बातचीत का आनंद लेते हैं, और जमकर रील भी बनाते हैं. यह जगह शहर की भीड़-भाड़ से दूर सुकून के पल बिताने के लिए बेहरतीन विकल्प है. नैनीताल शहर से लगभग 5 किमी दूर पंगोट मार्ग पर यह बेहद खूबसूरत जगह स्थित है.

नैनीताल का लवर्स पॉइंट कपल्स के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय स्थानों में शामिल है. यहां से दिखने वाले आसपास की घाटियों के नजारे दिल छू जाते हैं. आप ऊंची चोटी में बैठकर सामने फैली खूबसूरत वादियों का दीदार कर सकते हैं. यह जगह का नाम भी लवर्स पॉइंट है, कहा जाता है कि यहां पहले काफी कप्लस आते थे. जिस वजह से इस जगह का नाम लवर्स पॉइंट पड़ा. शाम के समय यहां का खुशनुमा माहौल और ठंडी आबोहवा माहौल को और भी रोमांटिक बना देती है. वैलेंटाइन डे के मौके पर यह जगह सबसे ज्यादा पसंद की जाती है.

नैनीताल खुर्पाताल रोड पर स्थित सनसेट पॉइंट शाम के समय बेहद खूबसूरत नजर आता है. जैसे-जैसे सूरज पहाड़ों के पीछे ढलता है, आसमान लाल और नारंगी रंगों से भर जाता है. कपल्स के लिए यह पल बेहद खास होता है, क्योंकि प्रकृति खुद एक रोमांटिक माहौल बना देती है. यहां की शांति और यहां से दिखने वाले खुर्पाताल झील के नजारे इस जगह की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं. फोटो खिंचवाने और रील बनाने के लिए यह नैनीताल का सबसे खूबसूरत स्पॉट माना जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

नैनीताल की माल रोड वैलेंटाइन डे पर सबसे परफेक्ट जगहों में से एक है. नैनी झील के किनारे टहलते हुए झील से आती ठंडी हवा का अहसास और रोड के किनारे सजी दुकानें आपको एक अलग अनुभव देती है. शाम के समय जब झील में लाइट्स की परछाईं पड़ती है तो किसी फिल्मी सीन की तरह लगती है. नैनीझील में कपल्स बोटिंग का आनंद भी लेते हैं, जो इस दिन को और खास बना देता है. साथ-साथ कॉफी या स्ट्रीट फूड का मजा लेते हुए बातचीत करना एक मेमोरियबल मूमेंट बन जाता है.

ठंडी सड़क नैनीताल की सबसे शांत और सुकून भरी जगहों मै एक मानी जाती है.जिसकी शुरुआत मल्लीताल मां नयना देवी मंदिर के ठीक पीछे से होती है और यह सड़क मल्लीताल को तल्लीताल से जोड़ती है. इस सड़क में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित है. इस सड़क के एक तरफ झील है तो दूसरी तरफ हरि भरी पहाड़ी, यही वजह है कि प्रेमी जोड़ों के लिए यह सड़क नैनीताल में परफेक्ट प्लेस है. यहां कई कपल घूमते हुए दिखाई देते हैं, और सुकून के पलों को बिताते हैं. वैलेंटाइन डे पर भीड़ से दूर और झील के किनारे समय बिताने के लिए यह परफेक्ट स्पॉट है.

अगर आप अपने वैलेंटाइन डे के मौके पर नैनीताल शहर में दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) की वाइब लेना चाहते हैं तो आपके लिए जूम लैंड बढ़िया विकल्प है. यहां शाम होते ही स्थानीय लोकल आर्टिस्ट समां बांध देते हैं. झील किनारे स्थित होने के कारण यहां से दिखने वाले नैनीझील के खूबसूरत नजारे दिल छू जाते हैं. झील किनारे पहाड़ियों में स्थित घरों की लाइट की रोशनी का रिफ्लेक्शन जब झील में पड़ता है तो पूरी झील जगमगा उठती है. फोटो और वीडियो बनाने के लिए यह जगह युवाओं में खास लोकप्रिय है. साथ ही शाम के समय ठंडी हवा और खूबसूरत नजारे के बीच आप यहां अपने पार्टनर के साथ कॉफी का आनंद ले सकते हैं.

वैलेंटाइन डे पर पार्टनर के लिए छोटा-सा गिफ्ट लेना हो, तो नैनीताल का तिब्बती मार्केट सबसे सही जगह है. यहां ऊनी कपड़े, हैंडीक्राफ्ट, ज्वेलरी और गिफ्ट आइटम्स आसानी से मिल जाते हैं. कपल्स साथ-साथ खरीदारी करते हुए प्रसिद्ध सोनम मोमो का स्वाद भी ले सकते हैं. बाजार की रौनक और सर्दियों का मौसम आपको एक अलग अनुभव देता है. यह जगह कपल्स के लिए काफी पसंद किया जाने वाला पॉइंट है. यहां आकर आप अपने पार्टनर के साथ खूब शॉपिंग कर सकते हैं.

नैनीताल का स्नो व्यू पॉइंट शहर के सबसे मशहूर व्यू प्वाइंट्स में से एक है. यहां पहुंचने के लिए रोपवे की सवारी खुद में रोमांचक अनुभव देती है. इसके अलावा आप खुद की गाड़ी, बाइक-टैक्सी के माध्यम से यहां तक पहुंच सकते हैं, साथ ही आप पैदल ट्रैक करके भी यहां तक आ सकते हैं. यहां से दिखने वाला हिमालय का खूबसूरत नजारा दिल छू जाता है. ठंडी हवाएं और खुला आसमान माहौल को बेहद खास बना देते हैं. कपल्स यहां फोटो क्लिक करते हैं और दूर-दूर तक फैले पहाड़ों को निहारते हैं. वैलेंटाइन डे पर यह जगह प्यार को नई ऊंचाई देने वाली यादगार लोकेशन बन सकती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.