नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी के बलद्वाड़ा क्षेत्र में बिजली चोरी का एक मामला सामने आया है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी को बिजली बोर्ड की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। जांच में बिजली चोरी के स्पष्ट प्रमाण मिलने के बाद आरोपी पर करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसे मौके पर ही डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से विभाग को जमा करवा दिया गया।
एक वर्ष से विभाग को लगा रहा था चूना
जानकारी के अनुसार, रोपड़ी गांव निवासी वर्तमान में पार्टी में जिला उपाध्यक्ष के पद पर तैनात हैं, बीते लगभग एक वर्ष से अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। बिजली विभाग को लंबे समय से उनके परिसर में लगे मीटर की खपत को लेकर संदेह था, क्योंकि खपत का ग्राफ लगातार असामान्य रूप से कम दर्ज हो रहा था। जबकि 125 यूनिट मुफ्त बिजली सुविधा के बावजूद मीटर रीडिंग शून्य के आसपास बनी हुई थी।
मीटर को किया था बायपास
इसी आधार पर बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य सर्विस पीवीसी वायर को पंचर कर मीटर को बायपास किया गया था और सीधे अवैध कनेक्शन के माध्यम से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान बिजली चोरी से संबंधित सभी साक्ष्य एकत्र किए गए और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो। बोर्ड के एसडीओ राजीव शुक्ला ने आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।