Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में एक अफसर को 19 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया. उसने 2 लाख रुपये की रिश्वत की डिमांड की थी और 1 लाख 81 हजार रुपये ले चुका था. पुलिस विजिलेंस की टीम उससे पूछताछ कर रही है.
मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फपुर में विजिलेंस विभाग की टीम ने एक रिश्वतखोर अफसर को रंगे हाथों दबोच लिया. जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) सुधीर कुमार को 19 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया. उसे घर से पकड़ा गया है. आरोप है कि 1 लाख 81 हजार रिश्वत की रकम पहले ही ले चुका है. कार्रवाई के पीछे एक शख्स की दर्द भरी कहानी सामने आई. उसने पत्नी के गहने गिरवी रखे, खुद की गाड़ी बेची तब जाकर रिश्वत की रकम जुटाई थी.
मुजफ्फरपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) सुधीर कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शनिवार को सुधीर कुमार को उनके निजी आवास से 19 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा. गिरफ्तार सुधीर कुमार वर्तमान में जिला कृषि पदाधिकारी के साथ-साथ परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक (शस्य), तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे. आरोप है कि उन्होंने कृषि विभाग के एक संविदा कर्मचारी संतोष कुमार से दोबारा योगदान (री-ज्वाइनिंग) और सेवा विस्तार के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी.
1 लाख 81 हजार रुपये पहले लेने का आरोप
पीड़ित संतोष कुमार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. नौकरी बचाने की मजबूरी में उसने अफसर की मांग मान ली. रिश्वत की रकम जुटाने के लिए संतोष को अपनी जमा-पूंजी तो खर्च करनी ही पड़ी, साथ ही पत्नी के गहने गिरवी रखने पड़े और अपनी गाड़ी तक बेचनी पड़ी. संतोष ने 5 दिसंबर को सुधीर कुमार को पहली किस्त के रूप में 1 लाख 81 हजार रुपये दे दिए. यह रकम उसने बैंक से लोन लेकर, गहने गिरवी रखकर और गाड़ी बेचकर किसी तरह इकट्ठा की थी. इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद भी अफसर का लालच खत्म नहीं हुआ. बचे हुए 19 हजार रुपये के लिए वह लगातार संतोष पर दबाव बना रहा था. मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार संतोष ने हिम्मत जुटाई और 11 दिसंबर को पटना स्थित निगरानी विभाग में पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
19 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ा गया अफसर
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले मामले का सत्यापन कराया. जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद एक विशेष टीम बनाई गई. तय योजना के अनुसार शनिवार को संतोष कुमार रिश्वत की बाकी रकम देने के लिए मुजफ्फरपुर के चर्च रोड स्थित सुधीर कुमार के निजी आवास पर पहुंचा. जैसे ही उसने 19 हजार रुपये अफसर को दिए, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने छापा मारकर सुधीर कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ा गया है. उनके आवास की तलाशी भी ली जा रही है, ताकि आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों का पता लगाया जा सके. गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को पटना लेकर रवाना हो गई है, जहां उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.