Muzaffarpur Crime News: छपरा सरिता हत्याकांड में थानेदार संतोष कुमार रजक को सस्पेंड किया गया है. आरोप है कि दारोगा के स्कॉर्पियो से सरिता की लाश फेंकी गई थी. इसके बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई की है. वहीं मुख्य आरोपी सत्येंद्र की तलाश जारी है.
यह मामला छपरा के एक सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़ा है. जहां पीड़िता सरिता की लाश दारोगा संतोष रजक के स्कॉर्पियो वाहन से फेंकी गई थी. जांच एजेंसियों ने पाया कि आरोपी सत्येंद्र ने इसी स्कॉर्पियो का इस्तेमाल कर लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश की. सरिता हत्याकांड ने पूरे बिहार में सनसनी पैदा कर दिया था. पीड़िता की निर्मम हत्या के बाद लाश को छिपाने का प्रयास विफल रहा और पुलिस ने सबूत जुटा लिए.
25 जनवरी को दारोगा की हुई थी गिरफ्तारी
25 जनवरी को ही दारोगा संतोष रजक की गिरफ्तारी हुई थी. पूछताछ में उनके स्कॉर्पियो से जुड़े सबूत सामने आए. जिसके आधार पर मामला तेजी से आगे बढ़ा. मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने विभागीय जांच के बाद तत्काल सस्पेंशन का आदेश जारी किया. एसएसपी ने कहा कि आरोपी दारोगा ने पुलिस की छवि धूमिल की है. विभाग शून्य सहनशीलता की नीति पर चलता है. आगे की कार्रवाई जारी रहेगी.
दारोगा की पहले से थीं कई शिकायतें
स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई की सराहना हो रही है. पानापुर करियत थाने के आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि दारोगा पर पहले से कई शिकायतें थीं. एक ग्रामीण ने बताया कि दारोगा का रुतबा इतना था कि लोग डरते थे. अब न्याय मिलेगा. पुलिस सूत्रों के अनुसार सस्पेंशन के बाद रजक के खिलाफ विभागीय जांच समिति गठित की गई है. इसमें उनकी संपत्ति, वाहन और अन्य गतिविधियों की पड़ताल होगी.
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
छपरा सरिता हत्याकांड के मुख्य आरोपी सत्येंद्र और उसके साथियों की भी तलाश जारी है. इस मामले ने बिहार पुलिस में भ्रष्टाचार और अपराधियों से सांठगांठ के सवाल खड़े कर दिए हैं. एसएसपी ने सभी थानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी अपराध में लिप्त न पाए जाए. यह घटना बिहार के पुलिस महकमे के लिए चुनौती बन गई है. सरिता के परिवार वाले न्याय की मांग कर रहे हैं. आने वाले दिनों में इस केस से और खुलासे हो सकते हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.