Mustard Crop Protection Tips: बिहार में सरसों की फसल पर लाही और आरा मक्खी का प्रकोप बढ़ा है. कृषि विभाग ने कीट नियंत्रण के लिए जैविक और रासायनिक उपाय बताए हैं. वहीं विभाग ने किसानों के लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया है.
कैसे पहचानें कीटों का हमला?
लाही कीट बहुत छोटे और मुलायम होते हैं, जो पीले, हरे या काले रंग के दिखाई देते हैं. ये कीट झुंड बनाकर सरसों की कोमल पत्तियों, टहनियों, तनों और फूलों पर हमला करते हैं. ये पौधे का रस चूस लेते हैं, जिससे पत्तियां मुड़कर पीली पड़ जाती हैं. इसका सीधा असर फलियों के विकास पर पड़ता है. दानों में तेल की मात्रा घट जाती है. वहीं, आरा मक्खी की मादा पत्तियों पर चीरा लगाकर उन्हें नुकसान पहुंचाती है.
कीट नियंत्रण के कारगर उपाय
कृषि विभाग ने किसानों को चरणबद्ध तरीके से प्रबंधन करने की सलाह दी है.
जैविक और भौतिक उपाय:
शुरुआती अवस्था में रसायनों के उपयोग से बचना चाहिए. किसान अपने खेत में प्रति हेक्टेयर 10 पीले फंदे (Yellow Sticky Traps) लगाएं. लाही कीट पीले रंग की ओर आकर्षित होकर इन पर चिपक जाते हैं. इसके अलावा, नीम आधारित कीटनाशी (एजाडिरेक्टिन 1500 पीपीएम) की 5 मिली मात्रा प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करना पर्यावरण और मित्र कीटों के लिए सुरक्षित है.
रासायनिक उपचार
यदि कीटों का प्रकोप बढ़ जाए, तो निम्नलिखित दवाओं का उपयोग लाभकारी होगा. इमिडाक्लोप्रिड 17.8% एसएल: 1 मिली दवा 3 लीटर पानी में घोलें. थायोमेथाक्साम 25% डब्लूजी 1 ग्राम प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें. आरा मक्खी के लिए डायमेथोएट 30% ईसी (1 मिली/लीटर) या क्वीनलफॉस 25% ईसी (1.5 मिली/लीटर) का उपयोग करें.
विशेषज्ञों की राय और सहायता
कृषि विभाग ने जोर देकर कहा है कि किसान छिड़काव हमेशा दोपहर के बाद करें, ताकि परागण करने वाली मधुमक्खियों को नुकसान न पहुंचे. अधिक जानकारी या आपात स्थिति में किसान कृषि विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं. अपने जिले के सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) से सलाह ले सकते हैं. समय पर किया गया उपचार न केवल फसल बचाएगा, बल्कि किसानों की आमदनी और तिलहन उत्पादन में भी इजाफा करेगा.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.