सारण पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए रिविलगंज थाना क्षेत्र में हुए हत्या कांड का मात्र 10 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पीछे अवैध संबंधों का विवाद मुख्य कारण के रूप में सामने आया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, घटनास्थल पर पहने कपड़े समेत दो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।घटना 10 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 7:50 बजे सामने आई, जब रिविलगंज थाना को सूचना मिली कि एक युवक का शव जखुआ गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। शव का बायां हाथ ट्रेन से कट चुका था। प्रारंभिक जांच में संदेह हुआ कि हत्या कहीं और कर शव को साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से पटरी पर रखा गया है। मृतक की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई।
मृतक के परिजन द्वारा दिए गए आवेदन पर थाना कांड संख्या 402/25 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सारण डॉ. कुमार आशीष स्वयं स्थल पर पहुंचे और टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
गठित टीम ने त्वरित जांच करते हुए जखुआ गांव निवासी राकेश कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने, अपने दोस्त और मृतक की पत्नी ने मिलकर रोहित कुमार की हत्या की। हत्या में प्रयुक्त चाकू को रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में फेंका गया था।राकेश की निशानदेही पर पुलिस ने चाकू, घटना के समय पहने कपड़े और दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए। बाद में मृतक की पत्नी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने भी हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी और राकेश के बीच अवैध संबंध थे। मृतक इस संबंध में बाधा बन रहा था, जिसके बाद साजिश कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों राकेश कुमार, पिता धर्मेन्द्र राय, साकिन जखुआ, महिला अभियुक्त (मृतक की पत्नी)को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। साजिश में शामिल तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष रिविलगंज सहित थाना के अन्य पदाधिकारी व पुलिस बल शामिल रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.