Motihari News: बिहार के मोतिहारी से बड़ी खबर सामने आई. यहां एक ट्रेन में लावारिस ट्रॉली बैग से अवैध शराब की कई बोतलें बरामद की गईं. पुलिस जब्त कर आगे की कार्रवाई कर रही.
मोतिहारीः बिहार के सुगौली रेलवे स्टेशन पर चौंकाने वाला वाक्या हुआ. सत्याग्रह एक्सप्रेस में एक लावारिस बैग पर जीआरपी की नजर पड़ी. पहले तो उसके मालिक के बारे में पूछताछ की, जब कोई सामने नहीं आया. तो बैग खोलते ही टीम चौंक गई. उसके अंदर अवैध शराब का जखीरा भरा हुआ था. 84 फ्रूटी पैक और एक शराब की बोतले बरामद की गई. पुलिस जांच में जुटी हुई है.
मोतिहारी जिले के सुगौली में रेल जीआरपी थाना पुलिस ने विशेष जांच अभियान के दौरान शराब तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया. थानाध्यक्ष विजय कुमार झा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सत्याग्रह एक्सप्रेस (15274) के एक कोच से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई, जिसे ट्रेन में लावारिस हालत में छोड़ दिया गया था. जानकारी के अनुसार, रेल जीआरपी की टीम नियमित जांच के तहत सत्याग्रह एक्सप्रेस के एस-6 कोच में तलाशी ले रही थी. इसी दौरान कोच के भीतर एक लावारिस ट्रॉली बैग पर पुलिस की नजर पड़ी. यात्रियों से पूछताछ करने के बावजूद जब कोई भी व्यक्ति बैग का दावा करने सामने नहीं आया, तो पुलिस ने संदेह के आधार पर बैग की तलाशी लेने का फैसला किया.
बहुत शातिर निकला तस्कर
जैसे ही ट्रॉली बैग खोला गया, पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. बैग के अंदर से 180 एमएल के 84 फ्रूटी पैक बरामद हुए, जिनमें शराब भरी हुई थी. इसके अलावा 375 एमएल की एक बोतल रॉयल स्टेज शराब भी पाई गई. प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो गया कि शराब को बेहद शातिर तरीके से छिपाकर ट्रेन के जरिए तस्करी की जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो. रेल जीआरपी पुलिस ने मौके पर ही पूरे शराब के जखीरे को जब्त कर लिया और संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. हालांकि इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, क्योंकि ट्रॉली बैग लावारिस स्थिति में पाया गया था. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब किसने रखी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे
इस कार्रवाई में सिपाही मदन पासवान, कांस्टेबल एस.के. सिंह और महिला कांस्टेबल अंजली कुमारी की भी अहम भूमिका रही. सभी पुलिसकर्मियों ने सतर्कता और सूझबूझ से जांच को अंजाम दिया, जिससे यह तस्करी पकड़ में आ सकी. थानाध्यक्ष विजय कुमार झा ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और इसके बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. रेल मार्ग तस्करों के लिए आसान माध्यम बनता जा रहा है, लेकिन रेल जीआरपी लगातार सतर्कता बरतते हुए सघन जांच अभियान चला रही है. सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.