मोगा जिले के गांव बूटर में बिजली का काम करते समय 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव रानियां निवासी मनप्रीत सिंह (22) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनप्रीत सिंह गांव बूटर निवासी सतनाम सिंह के नए बन रहे मकान में पाइप फिटिंग का काम कर रहा था। काम के दौरान जब वह छत पर कटर चला रहा था, तभी मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की बिजली की तार से उसका सिर टकरा गया। तेज करंट लगने से मनप्रीत सिंह छत से नीचे गिर गया। जो कि घटना सीसीटीवी कैद हो गया। मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से उसे मोगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मकान मालिक बोला- विभाग की लापरवाही से हादसा इस हादसे को लेकर मकान मालिक सतनाम सिंह ने बताया कि उनके घर के ऊपर से 11 हजार केवी की बिजली लाइन गुजर रही है और एक खंभा काफी नीचे होने के कारण उन्हें पहले से ही किसी बड़े हादसे का डर था। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले बधनी कलां बिजली विभाग को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। आज उसी लापरवाही के कारण उनके घर में यह हादसा हो गया। सतनाम सिंह ने यह भी बताया कि सुबह जब मनप्रीत सिंह काम करने आया था, तो उसे छत पर मौजूद हाईटेंशन तारों को लेकर सावधानी बरतने के लिए कहा गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश काम के दौरान गलती हो गई और यह हादसा हो गया। मनप्रीत सिंह के पिता अंग्रेज सिंह ने बताया कि आज सुबह करीब 8 बजे मनप्रीत सिंह घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन यह नहीं पता था कि वह कहां काम करने गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके दो बेटे हैं, जिनमें से केवल मनप्रीत सिंह ही काम करते थे। दुर्भाग्यवश आज उनके साथ हादसा हो गया। वही इस मामले में पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.