कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना गांधी स्कूल रोड स्थित एक मकान में बीती रात हुई। मृतका की पहचान 17 वर्षीय नेहा कुमारी, पिता सकलदेव यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में स
घर लौटने पर कमरे में झूलती मिली बॉडी
मृतका के मामा लक्ष्मण यादव ने बताया कि रविवार दोपहर वह और उनकी बहन गुड़िया देवी किसी काम से बाहर गए हुए थे। रात करीब 9 बजे जब दोनों घर लौटे, तो अंदर वाले कमरे में नेहा कुर्सी के सहारे साड़ी से फंदा बनाकर छत के हुक से लटकी हुई मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल तिलैया पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मोबाइल चैट से सामने आई ब्लैकमेलिंग की बात
घटना के बाद नेहा के मामा ने उसका मोबाइल फोन चेक किया, जिसमें जयनगर थाना क्षेत्र के अंकित यादव, पिता अरुण यादव, के साथ हुई व्हाट्सएप चैट सामने आई। परिजनों का आरोप है कि इन चैट्स में अंकित द्वारा नेहा को किसी वीडियो को सार्वजनिक करने और उसे फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
लक्ष्मण यादव ने बताया कि नेहा का पैतृक गांव जयनगर प्रखंड के चंद्रपुर में है। उसने कक्षा 10वीं तक की पढ़ाई सतडीहा गांव के एक स्कूल से की थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान उसकी जान-पहचान अंकित से हुई होगी।
पुलिस ने मोबाइल जब्त किया, जांच में जुटी
सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है। पुलिस ने नेहा का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और उसमें मौजूद चैट व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
तिलैया थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। परिजनों से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि यदि ब्लैकमेलिंग या आत्महत्या के लिए उकसाने के प्रमाण मिलते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.