जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के ऊपरी इलाकों में आतंकियों को पकड़ने के लिए चलाया जा रहा बड़ा तलाशी अभियान मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
यह अभियान रविवार को छात्रू क्षेत्र के सिंहपोरा के पास स्थित सोनार गांव में शुरू किया गया था। इसी दौरान आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें एक पैरा कमांडो बलिदान हो गया, जबकि सात अन्य जवान घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों द्वारा अचानक फेंके गए ग्रेनेड के छर्रे लगने से जवान घायल हुए। इसके बाद आतंकी घने जंगलों की ओर फरार हो गए।
हालांकि, सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक मजबूत ठिकाने का भंडाफोड़ किया है, जो 12,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित था। इस ठिकाने से बड़ी मात्रा में सर्दियों का सामान बरामद किया गया, जिसमें खाने-पीने का सामान, कंबल और बर्तन शामिल हैं।
अभियान की निगरानी के लिए आईजीपी जम्मू जोन भीम सेन टूटी और आईजी सीआरपीएफ आर. गोपालकृष्ण राव सहित कई वरिष्ठ पुलिस और सेना अधिकारी मौके पर डेरा डाले हुए हैं।
यह खबर भी पढ़ें: किश्तवाड़ में आतंकियों का ठिकाना ध्वस्त: बड़ा सवाल…इतनी ऊंचाई पर कौन पहुंचा रहा था खाद्य सामग्री
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.