Manali Traffic Jam Live: मनाली में हालिया बर्फबारी के बाद पर्यटकों का दबाव बढ़ गया है. कोठी-मनाली मार्ग पर लंबा जाम लगा है. जिसमें 24 घंटे से हजारों पर्यटक फंसे पड़े हैं. प्रदेश में 685 सड़कें बंद हैं. लाहौल-स्पीति सबसे ज्यादा प्रभावित है.
गणतंत्र दिवस के वीकएंड के चलते बड़ी संख्या में सैलानी मनाली पहुंचे. शुक्रवार शाम से शुरू हुआ ट्रैफिक शनिवार-रविवार तक भीषण जाम में तब्दील हो गया. कोठी से मनाली के बीच करीब 8 किलोमीटर लंबा रास्ता वाहनों से पूरी तरह जाम है. हालात ऐसे हैं कि 24 घंटे से अधिक समय से हजारों पर्यटक अपने वाहनों में फंसे हुए हैं. कड़ाके की ठंड, ईंधन की कमी और खाने-पीने की दिक्कतों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. मनाली के होटल पूरी तरह फुल हैं, जिससे बिना बुकिंग पहुंचे पर्यटक कुल्लू के निचले इलाकों की ओर जाने को मजबूर हो रहे हैं.
बर्फबारी का असर सिर्फ मनाली तक सीमित नहीं रहा. प्रदेशभर में कुल 685 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं. लाहौल-स्पीति जिले में सबसे ज्यादा 292 सड़कें बंद हैं. इसके अलावा चंबा में 132, मंडी में 126 और कुल्लू में 79 सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हैं. कई जगहों पर ब्लैक आइस जमने से वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है, जिससे आपात सेवाओं और रसद आपूर्ति पर भी असर पड़ा है.
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते 26 से 28 जनवरी के बीच ऊपरी इलाकों में भारी से बहुत भारी हिमपात और निचले क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना है. इसी को देखते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने पर्यटकों से सावधानी बरतने और मौसम व यातायात से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
About the Author

पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.