लुधियाना के जगरांव में बुधवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। सिधवां बेट रोड पर गांव लीला के नजदीक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टाटा सफारी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक चकनाचूर हो गई।
मृतकों की पहचान गांव सदरपुरा निवासी 40 वर्षीय बलराज सिंह और 27 वर्षीय किशन सिंह के रूप में हुई है। दोनों मृतक रिश्तेदारी में चाचा-भतीजा थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी टाटा सफारी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार टाटा सफारी सवार जगरांव से सिधवां बेट की ओर जा रहे थे। जबकि बाइक सवार गांव से जगरांव की तरफ आ रहे थे। जैसे ही वे गांव लीला के पास पहुंचे तो बाइक और टाटा सफारी के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाइक सवार दोनों व्यक्तियों की मौत हो चुकी थी। दोनों के सिर पर गंभीर चोट की वजह से उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद टाटा सफारी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.