नगर निगम चंडीगढ़ की वित्त एवं ठेका समिति (Finance & Contract Committee – F&CC) की बैठक गुरुवार को मेयर हरप्रीत कौर बबला की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त अमित कुमार (IAS), विशेष आयुक्त प्रदीप कुमार, समिति सदस्य सौरभ जोशी, गुरप्रीत सिंह, जस्मनप्रीत सिंह और सुमन देवी, सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान समिति ने विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की और शहर के अलग-अलग सेक्टरों में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और सार्वजनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के सुधार से जुड़े कई अहम कार्यों को मंजूरी प्रदान की।
नगर निगम की तरफ से नव वर्ष के पहले ही मांग में शुरू होने वाले 2.10 करोड़ रुपए के लगभग कार्यों को करवाने की मंजूरी दे दी है। शहर के लगभग आधे से ज्यादा एरिया में यह काम किए जा रहे हैं।
नगर निगम में F&CC की बैठक के दौरान मेयर हरप्रीत कौर बबला, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार व अन्य सदस्य।
जानिए किस एरिया में होगा कौनसा काम, जिसे मिली मंजूरी
- पंजाब विश्वविद्यालय, सेक्टर-14 क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज: सेक्टर-14 स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के आवासीय क्षेत्रों से अतिरिक्त वर्षा जल को निकालकर सेक्टर-14/15/24/25 के राउंडअबाउट के पास मौजूदा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम से जोड़ने के लिए 900 मिमी, 600 मिमी और 450 मिमी व्यास की पाइपलाइन बिछाने को मंजूरी दी गई। इस परियोजना पर 26.98 लाख रुपए खर्च होंगे।
- सेक्टर-49 गुडविल एन्क्लेव के पास नई एसडब्ल्यूडी लाइन: वी-5 रोड पर स्थित पुरानी और सिल्ट से भरी ड्रेनेज लाइन के स्थान पर समानांतर नई स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज लाइन बिछाने को स्वीकृति दी गई, जिससे बरसात के पानी की सुचारू निकासी हो सके। इस कार्य की अनुमानित लागत 30.56 लाख रुपए है।
- मिल्क कॉलोनी, धनास में जलापूर्ति सुधार: मिल्क कॉलोनी, धनास स्थित पार्क के पास 100 मिमी, 150 मिमी और 200 मिमी व्यास की डीआई (डक्टाइल आयरन) जलापूर्ति लाइनें बिछाने के कार्य को मंजूरी दी गई। इस पर 28.01 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
- मौली जागरां कम्युनिटी सेंटर की मरम्मत: मौली जागरण कॉम्प्लेक्स स्थित कम्युनिटी सेंटर की विशेष मरम्मत के लिए 48.74 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई।
- सेक्टर-43 सरकारी क्वार्टरों में नया ड्रेनेज सिस्टम: सेक्टर-43 स्थित सरकारी आवासों के मकान नंबर 14-33, 43, 61-67, 73-82 और 873 के आसपास वर्षा जल की निकासी के लिए नया स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। इस पर 48.15 लाख रुपए खर्च होंगे।
- सेक्टर-16 डी मार्केट में फर्श का मरम्मत : सेक्टर-16 डी में एससीओ नंबर 21 से 85 तक स्थित दुकानों/शोरूम के आगे और पीछे की ओर फर्श के मरम्मत को मंजूरी दी गई। इस परियोजना की लागत 27.86 लाख रुपए निर्धारित की गई है।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
F&CC सदस्यों ने कहा कि यह सभी परियोजनाएं शहर में जलभराव की समस्या को कम करने, जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएंगी। समिति ने संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर और तय गुणवत्ता मानकों के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.