- कॉपी लिंक
मैनपुरी में सामुदायिक शौचालय को लेकर विवाद सामने आया है। शौचालय खुलवाने और मरम्मत कार्य के दौरान ग्राम प्रधान के पुत्र के साथ मारपीट और फायरिंग किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला करहल थाना क्षेत्र के ग्राम सैमरी का है।
ग्राम सैमरी निवासी शशिकांत पुत्र विनोद कुमार ने बताया कि उनके पिता गांव के ग्राम प्रधान हैं। आरोप है कि गांव के सामुदायिक शौचालय पर श्रृंगार देवी यादव पत्नी उदयप्रकाश यादव ने कब्जा कर रखा था और वह शौचालय को आम जनता के उपयोग के लिए नहीं खोल रही थीं। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी बरनाहल ने ग्राम प्रधान को शौचालय खुलवाने और आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए थे।

शशिकांत के अनुसार, जब वह सोमवार सुबह शौचालय खुलवाने पहुंचे तो वह बंद मिला। इसकी जानकारी उन्होंने ग्राम सचिव पंकज यादव को दी। सचिव के निर्देश पर वह शौचालय की स्थिति का वीडियो और फोटो बनाकर खंड विकास अधिकारी को भेज रहे थे।
इसी दौरान श्रृंगार देवी यादव, अनूप कुमार, मनोज, सनोज कुमार, सुधीर कुमार और चित्रलेखा मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने शशिकांत के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान मनोज पुत्र प्रमोद कुमार अपने घर से पिता प्रमोद कुमार की लाइसेंसी बंदूक लेकर आया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि शशिकांत बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने करहल पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.