Tomato Cultivation: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के मिलाराबाद गांव के युवा किसान अश्विनी कुमार साहू ने धागा तकनीक अपनाकर टमाटर की खेती को लाभकारी बना दिया है.10 वर्षों से खेती कर रहे अश्विनी एक एकड़ में टमाटर उगा रहे हैं. पौधों को धागे से सहारा देकर फसल को खराब होने से बचाया जाता है.
अश्विनी कुमार साहू बताते हैं कि टमाटर की खेती में शुरुआत से लेकर फसल तैयार होने तक निरंतर देखरेख बेहद जरूरी होती है. विशेषकर जब फसल लगभग दो महीने की हो जाती है, तब पौधों में टमाटर का आकार तेजी से बढ़ने लगता है. इस अवस्था में टमाटर का वजन अधिक होने के कारण पौधे का तना नीचे की ओर झुकने लगता है. अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया जाए, तो फल जमीन से लगकर सड़ने लगते हैं, जिससे फसल को भारी नुकसान हो सकता है.
धागा तकनीक का इस्तेमाल
इसी समस्या से बचाव के लिए अश्विनी साहू ने धागा तकनीक को अपनाया है. इस तकनीक में टमाटर के पौधों को मजबूत धागे की सहायता से ऊपर की ओर सहारा देकर लटका दिया जाता है, जिससे पौधे का तना सीधा बना रहता है और फल जमीन को नहीं छूते. इससे न केवल टमाटर खराब होने से बचते हैं, बल्कि उनकी गुणवत्ता और आकार भी बेहतर होता है. अश्विनी के अनुसार, यह तकनीक खासतौर पर 45 से 50 दिन की फसल में अपनाई जाए, तो बेहद फायदेमंद साबित होती है.
उन्होंने बताया कि धागा तकनीक अपनाने के बाद टमाटर को पूरी तरह पकने में लगभग 15 दिन का अतिरिक्त समय लगता है, लेकिन इस दौरान फसल सुरक्षित रहती है और उत्पादन में वृद्धि होती है. वर्तमान समय में बाजार में टमाटर की कीमत 50 से 70 रुपये प्रति किलो तक मिल रही है, जिससे किसानों को अच्छा मुनाफा हो रहा है.
अश्विनी कुमार साहू का कहना है कि अगर किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती करें और फसल की जरूरत के अनुसार तकनीक अपनाएं, तो एक एकड़ टमाटर की खेती से लगभग 3 से 4 लाख रुपये तक की आय आसानी से प्राप्त की जा सकती है. उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है. मिलाराबाद और आसपास के गांवों के किसान अब उनसे धागा तकनीक की जानकारी लेकर टमाटर की खेती में इसे अपनाने लगे हैं, जिससे क्षेत्र में उन्नत और लाभकारी खेती को बढ़ावा मिल रहा है.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.