जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर से करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की है। जिले में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप पकड़ी गई है। शराब को पीवीसी पाउडर की आड़ में गुजरात ले जाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जब्त की गई शराब पंजाब और चंडीगढ़ निर्मित है। इसे राजस्थान के रास्ते गुजरात में तस्करी कर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि अवैध शराब तस्करी की सूचना मिलने पर रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी की गई। पुलिस टीम ने भारी वाहनों की तलाशी शुरू की। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रेलर को रुकवाकर जांच की गई। ट्रेलर चालक रघुनाथ गुर्जर ने वाहन में पीवीसी पाउडर भरा होने की जानकारी दी। पुलिस ने तिरपाल हटाकर तलाशी ली तो पाउडर के पीछे शराब के कार्टन भरे मिले। शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया।
ये भी पढ़ें: Alwar News: इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म करते समय करंट की चपेट में आई छात्रा, गंभीर रूप से झुलसा हाथ
ट्रेलर में कुल 1861 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.10 करोड़ रुपए बताई गई है। डूंगरपुर जिले में यह अब तक की सबसे बड़ी शराब जब्ती मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गुजरात में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद वहां अवैध रूप से शराब की मांग बनी रहती है, जिसके चलते राजस्थान से होकर तस्करी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.