अयोध्या महोत्सव में शामिल होने के लिए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी रामनगरी पहुंचे। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम लगभग 500 वर्षों के बाद अपने घर लौटे हैं। यह ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या महोत्सव में शामिल होना और रामलला का दर्शन करना, दोनों उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। इसे उन्होंने ‘एक पंथ दो काज’ बताया। कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या का विकास तेजी से हुआ है। श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। जिस तरह काशी विश्वनाथ धाम का व्यापक और सुव्यवस्थित विकास हुआ है, उसी तर्ज पर आने वाले समय में मथुरा-वृंदावन का भी विकास किया जाएगा।
भाजपा के ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी एक जाति की पार्टी नहीं है, बल्कि सर्व समाज का प्रतिनिधित्व करने वाली पार्टी है। राजनीति को जातिगत आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए। पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां इस समय तूफान से पहले का सन्नाटा है। घुसपैठियों के सहारे चुनाव जीतने का सपना इस बार टूटेगा और इस बार देश के नागरिक अपने वोट से भाजपा की सरकार बनाएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.