केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह रविवार को लखीसराय पहुंचे। उन्होंने पिपरिया प्रखंड के रामचंद्रपुर गांव में आयोजित शिलान्यास एवं सम्मान कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने सुमन चौक से रामचंद्रपुर गांव तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। साथ ही, रामचंद्रपुर गांव में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और पशु अस्पताल का उद्घाटन भी किया। स्वागत में जेसीबी मशीन से हुई फूलों की वर्षा रामचंद्रपुर पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन के माध्यम से फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री के अलावा सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, जिलाधिकारी मिथलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि दियारा क्षेत्र के लोगों ने चुनाव में जो समर्थन और विश्वास दिखाया है, उसके अनुरूप क्षेत्र का समुचित विकास करना उनका दायित्व है। जनता को कहने की जरूरत नहीं, समझकर करें कार्य उन्होंने आश्वस्त किया कि दियारा के लोगों को अपनी समस्याएं बताने की आवश्यकता नहीं है, सरकार स्वयं उनकी समस्याओं को समझकर समाधान करेगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि दियारा क्षेत्र से जुड़ी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने खुले मंच से चेतावनी देते हुए कहा कि दियारा के रहाटपुर इलाके में पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग जानबूझकर बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कुछ लोगों के कारण हजारों लोग प्रभावित होते हैं, तो यह किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नीतीश कुमार को मिट्टी में मिलाने वालों को नहीं आई सीट इसी दौरान ललन सिंह ने जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और आरसीपी सिंह को लेकर जदयू में वापसी की चर्चाओं पर भी तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर कौन हैं, वही व्यक्ति जिन्होंने कभी कहा था कि नीतीश कुमार को मिट्टी में मिला देंगे। ऐसे लोगों को जदयू पहचानने का काम नहीं करती। वहीं, आरसीपी सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यही वह व्यक्ति हैं जिनके कार्यकाल में पार्टी की सीटें 74 से घटकर 25 रह गई थीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.