Red Rice Farming: पलामू के किसान प्रियरंजन सिंह ने सूखे की चुनौती के बीच लाल धान की खेती कर मिसाल पेश की है. असम से बीज मंगाकर जैविक विधि से की गई इस खेती में मात्र एक एकड़ से 15 क्विंटल उपज हुई. शुगर-फ्री और आयरन से भरपूर होने के कारण यह धान ₹150/किलो तक बिक रहा है.
प्रियरंजन सिंह 15 पंचायतों के किसानों को जोड़कर बनाए गए एक समूह से जुड़े हैं, जिसके तहत हाईटेक और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है. इसी पहल के तहत उन्होंने असम से लाल धान का बीज मंगवाया. यह बीज 400 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा गया था. करीब एक एकड़ जमीन में मात्र दो किलो बीज की रोपनी की गई, जिससे लगभग 15 क्विंटल धान का उत्पादन हुआ. खास बात यह है कि यह धान केवल 70 से 80 दिनों में तैयार हो जाता है, जबकि सामान्य धान को इससे कहीं अधिक समय और पानी की जरूरत होती है.
जैविक विधि से खेती
उन्होंने बताया कि लाल धान की खेती पूरी तरह जैविक विधि से की गई है. इसमें किसी भी प्रकार के रासायनिक खाद या कीटनाशक का प्रयोग नहीं किया गया. रोपनी के समय बर्मी कम्पोस्ट का इस्तेमाल किया गया, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनी रही और फसल भी स्वस्थ तरीके से तैयार हुई. प्रियरंजन सिंह बताते हैं कि जैविक खेती से न सिर्फ लागत कम होती है, बल्कि उपज की गुणवत्ता भी बेहतर होती है.
एक एकड़ में 2.25 लाख रुपये कमाई
स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाल धान काफी लाभकारी माना जाता है. यह शुगर फ्री होता है, जिससे मधुमेह के मरीज भी इसका सेवन कर सकते हैं. इसके अलावा इसमें आयरन की मात्रा भरपूर होती है, जो शरीर के लिए काफी फायदेमंद है. यही कारण है कि बाजार में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है. वर्तमान में लाल धान का बाजार मूल्य 100 से 150 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा है. इस तरह देखें तो इन्हें करीब 2,25,000 की कमाई हुई है.
उन्होंने बताया कि इस बार हुए उत्पादन का एक हिस्सा बाजार में बिक्री के लिए रखा गया है, जबकि बड़ी मात्रा बीज के रूप में अन्य किसानों को भेजी जा रही है, ताकि वे भी इसकी खेती कर सकें. प्रियरंजन सिंह का कहना है कि यदि पलामू के किसान इस तरह की कम पानी वाली और कम समय में तैयार होने वाली फसलों को अपनाएं, तो खेती को फिर से लाभकारी बनाया जा सकता है. लाल धान की यह सफल खेती क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है और आने वाले समय में खेती की तस्वीर बदलने की उम्मीद जगा रही है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.