राजस्थान के कोटा शहर में पुलिस ने एक अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला आरके पुरम थाना क्षेत्र का है, जहां हाईवे के किनारे स्लिप प्लेन पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
एफएसएल जांच और साक्ष्यों से मिली अहम कड़ी
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शुक्रवार को शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया। जांच के दौरान मृतक की पहचान रोजड़ी निवासी करण के रूप में हुई। करण बाइक ठीक कराने के लिए मिस्त्री के पास गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव से कुछ दूरी पर पत्थरों के नीचे छिपा हुआ चाकू भी बरामद किया गया, जिससे हत्या की गई थी। पुलिस ने चाकू से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
दौलतगंज गांव से आरोपी की गिरफ्तारी
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने शेरपुर खतौली निवासी दिलबर गुर्जर को दौलतगंज गांव से डिटेन किया। पूछताछ में सामने आया कि दिलबर ने ही युवक करण की गला रेतकर हत्या की और शव को गड्ढे में फेंक दिया था। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- Sirohi Accident: माउंट आबू से लौट रही ट्रैवल्स बस हादसे का शिकार, सेफ्टी वॉल से टकराकर पलटी; 18 यात्री घायल
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के अनुसार पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी दिलबर और मृतक करण सिंह दोनों का एक ही महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था। कुछ दिन पहले करण ने दिलबर को महिला से दूर रहने की धमकी भी दी थी, जिससे दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
पीछा कर रची गई हत्या की साजिश
पुलिस ने बताया कि वारदात वाले दिन करण सिंह महिला से मिलने श्रीनाथपुरम टापरी में गया था। दिलबर भी उसका पीछा कर रहा था। जब करण वहां से अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी फोर लेन स्लिप लाइन के पास दिलबर ने उसे रोक लिया और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.