कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही एयरपोर्ट की मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। शनिवार को कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, कोटा जिले के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद रिमोट बटन दबाकर एयरपोर्ट निर्माण का शुभारंभ किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी का वीडियो संदेश
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। उन्होंने कहा कि यह दिन हाड़ौती क्षेत्र के लिए नई उम्मीद और उपलब्धि लेकर आया है। कोटा न केवल शिक्षा का बल्कि ऊर्जा का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि एक ही सप्ताह में राजस्थान में दो बड़े विकास कार्यक्रमों का होना राज्य की तेज विकास गति को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि वे सांसद और लोकसभा अध्यक्ष दोनों भूमिकाओं को जिम्मेदारी से निभा रहे हैं।
एयर कनेक्टिविटी से मिलेगा विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कोटा पहले से ही रेल और सड़क संपर्क में मजबूत है और अब एयर कनेक्टिविटी मिलने से विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट बनने के बाद कोटा की प्रसिद्ध कचोरी भी दिल्ली तक गरमागरम पहुंच सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कोटा शिक्षा नगरी के साथ-साथ उद्योग का भी बड़ा केंद्र बनेगा और एयरपोर्ट बनने से यहां निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं के सपने टूटते थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई है और दोषियों पर कार्रवाई की है।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर, वरिष्ठ नेताओं ने जताया शोक
कोटा-बूंदी का ड्रीम प्रोजेक्ट
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट क्षेत्र का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। इसके लिए कई वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में कोटा आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट बनाने का वादा किया था और अब वह वादा पूरा हो रहा है। एयरपोर्ट बनने के बाद हाड़ौती क्षेत्र के लोगों को जयपुर या दिल्ली एयरपोर्ट जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही व्यापार और पर्यटन को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
देश में तेजी से बढ़े एयरपोर्ट
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे, तब देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जो अब बढ़कर 167 हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कोटा में एयरपोर्ट के निर्माण के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लगातार प्रयास किए। मंत्री बनने के बाद बिरला ने उनसे मुलाकात कर इस परियोजना को जल्द शुरू करने का आग्रह किया था, जिसके बाद मंत्रालय ने तेजी से काम शुरू किया और अब यह परियोजना साकार होने जा रही है।
ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनने से कोटा-बूंदी समेत पूरे हाड़ौती क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और शिक्षा, उद्योग, व्यापार व पर्यटन को नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.