जिले में करंट लगने से बीएसटीसी स्टूडेंट की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब छात्र अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के लिए गया था। वीडियो बनाने के दौरान अचानक से उसका हाथ ट्रांसफार्मर से टच हो गया। इसके बाद उसे करंट का तेज झटका लगा और उसकी मौत हो गई। घटना शहर के कुन्हाड़ी थाना इलाके के लैंडमार्क एरिया की बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Barmer News: गुलाबी रंग में रंगी खाकी, पुलिसकर्मियों ने जमकर उड़ाया गुलाल, रविन्द्र भाटी भी होली खेलने पहुंचे
मृतक छात्र के चाचा इंद्राज मीणा ने बताया कि उनका भतीजा धीरज मीणा गोविंदपुर बावड़ी, बूंदी का रहने वाला था और जयपुर में रहकर बीएसटीसी की पढ़ाई कर रहा था। वह तीन दिन पहले ही होली की छुट्टी पर घर लौटा था और आज अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के लिए लैंडमार्क सिटी इलाके में गया था। वहीं डांस करते समय अपने दोस्तों का वीडियो बनाते हुए उसका हाथ ट्रांसफार्मर के तार से टच हो गया और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुन्हाड़ी थाने की एसएचओ कौशल्य ने बताया कि मृतक छात्र के परिजनों की तरफ से जो भी शिकायत की जाएगी, उस पर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में बिजली कंपनी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाकर जांच करवाई जाएगी। फिलहाल छात्र के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।