Last Updated:
जांच में सामने आया कि गुरुवार की रात सुभाष राणा अपने बहनोई गौतम राणा, गौतम के फुफेरा भाई श्यामसुंदर राणा और विनोद यादव के साथ पीपचो बाजार में शराब पी रहा था. इसी दौरान गौतम राणा के मोबाइल पर सुभाष राणा की पत्नी का फोन आया और वह सुभाष के बारे में पूछने लगी. तब सुभाष के जीजा गौतम राणा ने सुभाष की पत्नी संजू देवी….
रितेश लोहानी/कोडरमा: जयनगर थाना क्षेत्र के पीपचो बाजार में हुई युवक की हत्या के मामले का कोडरमा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. इस हत्याकांड में मृतक के बहनोई ने ही पत्थर से कुचलकर उसकी निर्मम हत्या की थी. आरोपी बहनोई गौतम राणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस अधीक्षक सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मृतक सुभाष राणा के बहनोई गौतम राणा ने सुभाष की पत्नी के बारे में अश्लील और गंदी बातें की थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया और अंततः हत्या का कारण बन गया.
डीएसपी ने बताया कि गुरुवार की रात जयनगर के पीपचो बाजार में एक शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव की पहचान सुभाष राणा के रूप में की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की.
जांच में सामने आया कि गुरुवार की रात सुभाष राणा अपने बहनोई गौतम राणा, गौतम के फुफेरा भाई श्यामसुंदर राणा और विनोद यादव के साथ पीपचो बाजार में शराब पी रहा था. इसी दौरान गौतम राणा के मोबाइल पर सुभाष राणा की पत्नी का फोन आया और वह सुभाष के बारे में पूछने लगी. तब सुभाष के जीजा गौतम राणा ने सुभाष की पत्नी संजू देवी पर अश्लील टिप्पणी कर दिया. पत्नी पर हुई अश्लील टिप्पणी पर सुभाष राणा ने अपने जीजा गौतम राणा का विरोध किया. इसके बाद दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया.
वहां मौजूद श्याम सुंदर राणा और विनोद यादव ने शांत करवाते हुए घर जाने की बात कही और कुछ देर बाद श्यामसुंदर राणा और विनोद यादव वहां से चले गए. इसके बाद सुभाष और गौतम ने फिर से दुकान से शराब खरीदी और पीने लगे. इसी दौरान नशे की हालत में गौतम राणा ने सुभाष की पत्नी संजू देवी के बारे में अश्लील बातें शुरू कर दी, जिससे दोनों के बीच झगड़ा हो गया.
पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान खुद को कमजोर पड़ता देख गौतम राणा ने पास में पड़े एक बड़े पत्थर से सुभाष राणा के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पत्नी संजू देवी के फर्दबयान पर जयनगर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.