आम जनता की शिकायतों को सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाने के लिए कोडरमा जिला प्रशासन ने राज्य सरकार के मार्गदर्शन में ‘MEETA’ नामक एक ऐप लॉन्च किया है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपनी शिकायतें, सुझाव और जनसेवा से जुड़ी सुविधाएं ऑनलाइन दर्ज कराने में
इस ऐप के माध्यम से नागरिक सीधे प्रशासन तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं। ऐप पर शिकायत दर्ज होते ही प्रशासनिक टीम त्वरित कार्रवाई में जुट जाती है, जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके।
कोडरमा उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि जिला प्रशासन हमेशा से आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देता रहा है। इसी क्रम में जिले में हर हफ्ते मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जाता है।
उपायुक्त ने बताया कि इसके बावजूद कई लोग ऐसे हैं, जो जिला मुख्यालय से दूर होने या अन्य कारणों से जनता दरबार में शामिल नहीं हो पाते हैं। ऐसे लोगों से संबंधित शिकायतें मिलने के बाद राज्य सरकार के दिशानिर्देश पर MEETA ऐप को लॉन्च किया गया।
क्यूआर कोड जिला मुख्यालय के सभी कार्यालयों के बाहर लगाया गया
ऐप को लोगों के लिए और अधिक सुगम बनाने के लिए इसका एक क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। यह क्यूआर कोड फिलहाल जिला मुख्यालय के सभी कार्यालयों के बाहर लगाया गया है। भविष्य में इसे हर प्रखंड कार्यालय और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी लगवाने की योजना है।
उपायुक्त ने बताया कि ऐप लॉन्च होने के बाद से अब तक कुल 222 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इसका ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें और अपनी छोटी से छोटी समस्याओं को भी इसके माध्यम से जिला प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करें।
एक विशेष टीम की गई है गठित
उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से आने वाली शिकायतों के लिए उन्होंने एक विशेष टीम बनाई हुई है, जिसकी मॉनिटरिंग वे खुद करते हैं। साथ ही प्रत्येक हफ्ते के मंगलवार को एप पर आई हुई शिकायतों का किस प्रकार से समाधान हुआ है या किसी कारण से अगर वह लंबित है तो उस विभाग के पदाधिकारी से बातचीत कर उसका तुरंत समाधान करते हैं।
और भी सेवाएं जोड़ी जाएंगी
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि आने वाले समय में इस ऐप में अन्य सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। इसमें हिट एंड रन, आगजनी या किसी प्रकार की अन्य आपदाओं की सूचना, जो जिला प्रशासन तक या तो पहुंचने में विलंब होती हैं या नहीं पहुंच पाती है, वे एप के माध्यम से जिला प्रशासन तक आसानी से पहुंचेगी। जिस क्षेत्र में आपदा होगी, वहां के अंचलाधिकारी को तुरंत वहां भेजकर समस्या का समाधान कराया जा सकेगा।
इसके साथ ही झुमरीतिलैया नगर परिषद, डोमचांच नगर पंचायत और कोडरमा नगर पंचायत को साफ व स्वच्छ रखने के लिए इस ऐप में एक सुविधा जोड़ी जाएगी, जिसमें आम लोग बता पाएंगे कि किस जगह पर गंदगी है या कौन से इलाकों में सफाई नहीं हो पा रही है, उसके त्वरित समाधान हेतु नगर प्रशासक को इसकी सूचना देकर इसका समाधान कराया जा सकेगा।
कैसे दर्ज करें शिकायत
बताते चलें कि MEETA ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। लोग प्ले स्टोर में जाकर MEETA ऐप सर्च करेंगे, जहां उन्हें MEETA ऐप का लोगो और उसे इंस्टाल करने का ऑप्शन मिलेगा। इसके बाद वे एप को इंस्टाल कर सकेंगे। इसके बाद वे अपना मोबाइल नम्बर या ई-मेल आईडी से उसमें अपना रेजिस्ट्रेशन करवा कर अपनी शिकायतें भेज पाएंगे।
वहीं जो लोग ऐप डाउनलोड करने में सक्षम नहीं हैं वे गूगल सर्च में जाकर सीधे इसके क्यू आर कोड को स्कैन करेंगे। जिसके पश्चात इनके मोबाइल स्क्रीन पर एक लिंक दिखेगा, जिसे क्लिक करने पर रेजिस्ट्रेशन का पेज खुलेगा, जहां शिकायतकर्ता अपना मोबाइल नम्बर डालकर अपना रेजिस्ट्रेशन कर उसमें अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.