कोटपूतली से ‘टीम स्वच्छता सेवा दल’ पिछले सात दिनों से खाटू धाम में निरंतर स्वच्छता सेवा कार्य कर रहा है। ये दल 23 फरवरी को कोटपूतली से खाटू के लिए रवाना हुआ था। संस्था के राष्ट्रीय सचिव और कोटपूतली टीम संयोजक प्रवीण कुमार बंसल ने बताया कि महामंडलेश्वर बालेश्वर दास महाराज ने श्याम पताका दिखाकर टीम को सेवा कार्य के लिए रवाना किया था। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक महेश मीणा ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सेवा भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी। इस मौके पर व्यापार महासंघ अध्यक्ष मैथिलीशरण बंसल, एडवोकेट अशोक सुरेलिया, अमरनाथ बंसल, प्रफुल्ल रमन, अशोक शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। संरक्षक महेश मीणा ने बताया कि स्वच्छता सेवा दल पिछले 10 वर्षों से खाटू श्याम जी में लगातार स्वच्छता शिविर लगा रहा है। इन शिविरों में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के भोजन और विश्राम की व्यवस्था की जाती है। टीम के सदस्य रींगस से लेकर खाटू श्याम मंदिर परिसर तक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाते हैं। एकत्रित कचरे को हजारों बैगों में भरकर टैंपो के माध्यम से डंपिंग यार्ड तक पहुंचाया जाता है। इसके अलावा, टीम विभिन्न स्थानों पर सुगंधित इत्र वर्षा कर वातावरण को स्वच्छ और सुगंधित बनाने का कार्य भी करती है। टीम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतू माली ने बताया कि यह दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को सार्थक रूप देने के लिए निरंतर कार्यरत है। टीम का मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थलों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने बताया कि यह स्वच्छता अभियान लगभग 10 वर्ष पूर्व बाबा श्याम की नगरी खाटू धाम से मात्र 20 कार्यकर्ताओं के साथ शुरू हुआ था। आज यह बढ़कर 500 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं का एक विशाल सेवा समूह बन चुका है। कोटपूतली टीम से केशव बंसल, रमन अग्रवाल, विशाल सोनी, पराग गुप्ता, राजेश यादव, बजरंग लाल सैनी, सतीश शर्मा, राहुल मंगल, रवि बालास्या, रवि वर्मा, गणेश वर्मा, संजय वर्मा, भाविन पटेल, मनोज मित्तल, बबलू मीणा सहित अन्य कार्यकर्ता इस सेवा कार्य में सक्रिय रूप से सहभागी बने हुए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.