पतंग की प्रतिबंधित जानलेवा डोर को अब पकड़ने पर जोर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चाइनीज मांझे के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी होते ही गुरुवार को कमिश्नरी पुलिस सतर्क हो गई। मूलगंज, फीलखाना, बाबूपुरवा, रावतपुर, कल्याणपुर, किदवईनगर समेत अन्य क्षेत्रों की पतंग दुकानों में चेकिंग अभियान चला। दुकानदारों को चाइनीज मांझे की बिक्री न करने की सख्त हिदायत दी गई। उन्हें बताया गया कि अगर इसकी बिक्री होते पाई गई तो एनवायरमेंटल पॉल्युशन कंट्रोल एक्ट और बीएनएस की धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी।
लखनऊ में बुधवार को एक युवक की चाइनीज मांझे से मौत हो गई थी। प्रदेश में पूर्व में भी इस तरह की कई घटनाएं हुई हैं। घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने इससे होने वाली मौत को हत्या की श्रेणी में रखने का निर्देश जारी किया। गुरुवार को पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने थानेदारों और चौकी प्रभारियों को चाइनीज मांझे पर कार्रवाई का निर्देश दे दिया। पुलिसकर्मियों ने करीब चार घंटे अभियान चलाकर पतंग बाजार, जनरल स्टोर, धागा दुकानों पर जांच की। पुलिसकर्मियों ने सीढि़यों के सहारे टॉल पर चढ़कर भी चाइनीज मांझे चेक किए। दुकानदारों को इसकी बिक्री न करने को लेकर हिदायत दी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.