जोधपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 22 फरवरी 2026 को विशेष “एरिया डोमिनेशन” अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में सक्रिय आपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।
67 टीमों ने 398 स्थानों पर दी दबिश
अभियान के दौरान जिला पूर्व और पश्चिम में 333 अधिकारियों व जवानों की 67 टीमों ने कुल 398 स्थानों पर दबिश दी और 132 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 67 स्थाई वारंटी, उद्घोषित अपराधी और फरार आरोपी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 26 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त पश्चिम विनीत कुमार बंसल और पुलिस उपायुक्त पूर्व पी.डी. नित्या के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुनील के. पंवार के निकट पर्यवेक्षण में सभी थाना अधिकारियों को अलग-अलग टीमें बनाकर गैंग, हार्डकोर अपराधियों, इनामी अपराधियों, मादक पदार्थ, अवैध हथियार और शराब तस्करों के ठिकानों पर सघन तलाशी के निर्देश दिए गए।
हिस्ट्रीशीटर और इनामी अपराधी गिरफ्तार
अभियान के दौरान 7 हिस्ट्रीशीटर व हार्डकोर अपराधी, 3 गैंग सदस्य और 10 सामान्य प्रकरणों में वांछित आरोपी गिरफ्तार किए गए। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी और एक जघन्य अपराध में वांछित आरोपी को पकड़ा। सूरसागर थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया।
मादक पदार्थ और अवैध शराब की जब्ती
आबकारी एक्ट में विभिन्न थाना क्षेत्रों से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध शराब जब्त की गई। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से डोडा पोस्त, अफीम दूध, नकदी और वाहन जब्त किए गए। झंवर थाना पुलिस ने 970 ग्राम डोडा पोस्त के साथ एक आरोपी को पकड़कर मोटरसाइकिल जब्त की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.