Jodhpur Road Safety Campaign: जोधपुर की सड़कों पर टेंपो चालकों की लापरवाही लगातार सामने आ रही है. क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर कई लोग गाड़ी के दरवाजों और पीछे लटककर सफर करते नजर आ रहे हैं, जिससे गंभीर हादसों का खतरा बना हुआ है. हैरानी की बात यह है कि ट्रैफिक पुलिस जहां सड़क सुरक्षा माह मना रही है, वहीं खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी हो रही है. यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है.
जोधपुर के हार्ट कहे जाने वाले पावटा सर्कल से लेकर आरटीओ कार्यालय की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर दिनभर टेंपो चालक क्षमता से कहीं अधिक सवारियां भरकर परिवहन करते देखे जा सकते हैं. बनाड़ रोड, रसाला रोड और ओवरब्रिज के आसपास चलने वाले टेंपो में हालात इतने गंभीर हैं कि यात्री टेंपो के अंदर जगह न मिलने पर बाहर लटककर सफर करने को मजबूर हैं. कई बार तो टेंपो के पीछे और साइड में यात्रियों को लटकते हुए देखा जा सकता है, जो किसी बड़े हादसे को खुला न्योता देने जैसा है.
पावटा सर्कल पर टेंपो चालकों की लापरवाही, बड़ा हादसा टला
सोमवार शाम को पावटा सर्कल के पास एक ऐसा ही दृश्य सामने आया, जब एक टेंपो में क्षमता से अधिक सवारियां भरी हुई थीं और करीब पांच से अधिक यात्री पीछे लटककर यात्रा कर रहे थे. इस दौरान टेंपो असंतुलित भी हो रहा था, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती थी.हालांकि गनीमत यह रही कि उस समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन इस लापरवाही ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्षमता से अधिक सवारियां: हादसों को न्योता देते टेंपो
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और नियमों की सख्ती से पालना कराने की जिम्मेदारी ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ विभाग की है.इसके बावजूद इस तरह के नजारे रोजाना देखने को मिल रहे हैं. सवाल यह उठता है कि जब सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं, तो फिर नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्षमता से अधिक सवारियां ढोने वाले टेंपो न केवल यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं. छोटी सी चूक या अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
नियम हैं,पालन नहीं
परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सड़क हादसों को लेकर लगातार चिंता जाहिर कर रहे हैं और सख्त नियमों की बात कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है.जोधपुर में खुलेआम नियम तोड़े जा रहे हैं, इसके बावजूद नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई नहीं दिख रही.
About the Author
With more than 6 years above of experience in Digital Media Journalism. Currently I am working as a Content Editor at News 18 in Rajasthan Team. Here, I am covering lifestyle, health, beauty, fashion, religion…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.