होली एवं धुलण्डी पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए झुंझुनू पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ‘फ्लैग मार्च’ निकालकर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। एसपी ने कहा कि होली के उल्लास में किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखें। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में विश्वास पैदा करना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना है कि कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस का शहर के मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च
झुंझुनू शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वृताधिकारी (CO) गोपाल सिंह ढाका के नेतृत्व में कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मय जाप्ता और RAC के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। यह मार्च कोतवाली थाने से शुरू होकर गांधी चौक, शाहु वाला कुंआ, हांडी शाह दरगाह, जेपी जानू स्कूल, रोड नंबर 01, बीडीके अस्पताल और रोडवेज बस डिपो जैसे प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरा। मुख्य मार्गों पर गश्त के जरिए पुलिस ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई ताकि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। बुहाना में भी पुलिस ने संभाली कमान बुहाना कस्बे में भी पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। यहां रामेश्वरलाल (ASI) के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते ने कस्बे के मुख्य बाजारों और संवेदनशील इलाकों का दौरा किया।
अफवाहों से बचें और पुलिस का सहयोग करें फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और त्यौहार को आपसी प्रेम व भाईचारे के साथ मनाने का संदेश दिया। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना नजर आए, तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.