जिले में पंजाब नेशनल बैंक से करोड़ों रुपए का सोना गायब हो गया। बैंक के गोल्ड सेफ में रखे पैकेट में असली की जगह नकली सोना रख दिया गया। अब इस मामले में बैंक मैनेजर सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। नवलगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नवलगढ़ एडिशनल एसपी देवेंद्र राजावत के अनुसार वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक की नवलगढ़ ब्रांच के मैनेजर मुकेश ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज करवाया है, जिसमें उन्होंने बताया कि बैंक में गोल्ड लोन के बदले जमा किए गए सोने को गोल्ड सेफ में रखा गया है। 28 जनवरी को इसका चार्ज डिप्टी मैनेजर सीमा को सौंपा गया था।
ये भी पढ़ें: Alwar: अलवर में सड़क हादसे में दो की मौत, मृतक को लगातार मिल रही थी जान से मारने की धमकी
इसके पहले स्ट्रांग रूम की दो चाबी तत्कालीन बैंक मैनेजर अमित कुमार और डिप्टी मैनेजर अनंत प्रकाश के पास थी। चार्ज ट्रांसफर होने के दौरान ही सेफ में रखे गोल्ड के पैकेट के साथ छेड़छाड़ का पता चला। जब प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच की तो बड़े पैमाने पर हेराफेरी का खुलासा हुआ।
एडिशनल एसपी देवेंद्र राजावत के मुताबिक 73 गोल्ड पैकेट में से असली सोना निकालकर नकली सोना रख दिया गया। इसके अलावा कई पैकेट में सोने का वजन भी कम मिला है। अब तक की इन्वेस्टीगेशन में सामने आया है कि करीब 4.198 किलोग्राम सोने की हेराफेरी की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 करोड़ रुपए है। इस संबंध में अब बैंक मैनेजर अमित कुमार, नवलगढ़ बैंकिंग कॉरस्पॉडेंट संतोष कुमार और नवलगढ़ डिप्टी मैनेजर अनंत प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.