जमुई के गरही जलाशय में बिहार का दूसरा ‘फ्लोटिंग रेस्टोरेंट’ बनेगा. यहां पर्यटक पानी के बीच पारंपरिक बिहारी व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे. साथ ही पहाड़ों की तराई में लकड़ी के कॉटेज भी बनाए जाएंगे. यह परियोजना लछुआड़ आने वाले श्रद्धालुओं और प्रकृति प्रेमियों के लिए पर्यटन का नया केंद्र बनेगी.
जिला प्रशासन के द्वारा बताया गया है कि यहां सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर जैविक विधि से तैयार पारंपरिक बिहारी व्यंजन परोसे जाएंगे, जिससे पर्यटकों को स्वाद के साथ सेहत का भी अनुभव मिलेगा. यह फ्लोटिंग रेस्टोरेंट पूरे वर्ष पर्यटकों को आकर्षित करने का केंद्र बनेगा और जिले में पर्यटन को नई पहचान देगा.
कई तरह की सुविधाओं का होगा विकास
गरही जलाशय के आसपास पहाड़ की तराई में लकड़ी से बने छोटे-छोटे कॉटेज का भी निर्माण किया जाएगा, जहां स्थानीय और दूर-दराज से आने वाले पर्यटक परिवार के साथ सुकून के पल बिता सकेंगे. इस क्षेत्र का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि वर्ष के लगभग छह माह तक बड़ी संख्या में देश-विदेश से जैन और गैर-जैन धर्मावलंबी क्षत्रिय कुंडग्राम और लछुआड़ का दर्शन करने आते हैं और इसी मार्ग से उनका आवागमन होता है.
इसी को ध्यान में रखते हुए जलाशय और इसके आसपास के क्षेत्र को समग्र रूप से विकसित करने की योजना बनाई गई है. जिला प्रशासन का मानना है कि यहां ठहरने, खानपान और प्राकृतिक भ्रमण की सुविधाएं विकसित होने से जमुई न केवल धार्मिक बल्कि प्राकृतिक पर्यटन के रूप में भी पहचान बनाएगा.
बेहद ही खास है जमुई का यह डैम
जमुई जिले के खैरा प्रखंड क्षेत्र के गिद्धेश्वर की पहाड़ियों के बीच बना गरही डैम काफी खास है. यह इलाका स्थानीय लोगों के पर्यटन के लिहाज से काफी पसंदीदा जगह में से एक है. यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं. गरही डैम में लोग घंटे प्रकृति के बीच समय बिताते हैं. इसके साथ ही यहां लोग बोटिंग का भी लुप्त उठाते हैं. डैम के आसपास के इलाकों में लोग अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने आते हैं. ऐसे में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के बनने से यह इलाका पर्यटन के मानचित्र पर दर्ज हो जाएगा और यहां बड़ी संख्या में लोग आ सकेंगे. यह इलाका अपने धार्मिक आस्था के लिए भी जाना जाता है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.