जमशेदपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा की शुक्रवार देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को मॉल की सीढ़ियों पर शव पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार, युवक जिम से बाहर निकला ही था कि उसको गोली मार दी गई। तीन अज्ञात हमलावरों ने युवक के पास जाकर फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और जांच शुरू की। पुलिस ने पूरे मॉल की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए सिल्वर सिटी मॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। माफिया डॉन अखिलेश सिंह से जुड़ा था गैंगस्टर मृतक का संबंध दुमका जेल में बंद जमशेदपुर के माफिया डॉन अखिलेश सिंह से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार विक्रम शर्मा 50 से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद बताया जा रहा है। वह झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह का करीबी माना जाता था और हाल के समय में देहरादून में रह रहा था। बाइक पर आए थे हमलावर
पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 3 राउंड फायर हुई है, जिसमें से दो गोली युवक को लगी है। हमलावर पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। दो शूटरों ने अंदर फायरिंग की जबकि उनका एक साथी मुख्य सड़क पर बाइक लेकर तैयार खड़ा रहा। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। विक्रम शर्मा मूल रूप से काशीपुर में स्टोन क्रशर का काम करता था और देहरादून के रेसकोर्स इलाके में रहता था। वह सुबह करीब 9 बजे जिम पहुंचे थे और लगभग 10:30 बजे नीचे उतरते समय उन पर हमला हुआ। बदमाशों ने उन पर तीन गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पास मिली पिस्टल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विक्रम शर्मा को पहले से जान का खतरा होने की आशंका थी और वह खुद भी पिस्टल लेकर आया था, लेकिन हमलावरों ने उन्हें हथियार निकालने का मौका तक नहीं दिया। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और फरार हमलावरों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश या आपराधिक नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.