Jamshedpur News: जमशेदपुर के मोहम्मद सलाउद्दीन उर्फ बब्बन भाई सोनारी सीएच एरिया में सड़क किनारे ग्लू पेंटिंग और क्रिस्टल आर्टवर्क बेचते हैं. वे राधा रानी और कृष्ण कन्हैया से इतने प्रभावित हैं कि उनकी ज्यादातर पेंटिंग्स इन्हीं से जुड़ी होती हैं.
सड़क किनारे सजा दी आर्ट
सलाउद्दीन ने बड़े शोरूम या आलीशान आर्ट गैलरी का रास्ता नहीं चुना, बल्कि सड़क किनारे खड़े होकर अपनी मेहनत और कला को लोगों तक पहुंचाया. वे साधारण प्लेन तस्वीरें खरीदते हैं और फिर उन पर ग्लू पेंटिंग और क्रिस्टल आर्टवर्क के जरिए ऐसा आकर्षक रूप देते हैं कि देखने वाले ठहर जाते हैं. उनकी पेंटिंग्स की चमक और खूबसूरती इतनी प्रभावशाली होती है कि चलते-चलते वाहन रुक जाते हैं, लोग उतरकर तस्वीरें लेते हैं और उनकी कला को नजदीक से निहारते हैं.
दो दिन में बनती है एक पेंटिंग
सलाउद्दीन बताते हैं कि उनकी पेंटिंग का सामान्य साइज दो फीट बाय चार फीट होता है, जिसकी शुरुआती कीमत 2000 रुपये से शुरू होती है. वे कहते हैं कि अगर यही पेंटिंग किसी बड़े शोरूम, मॉल या आर्ट पैलेस में बिके, तो इसकी कीमत 5000 से 6000 रुपये से कम नहीं होगी. एक पेंटिंग को तैयार करने में लगभग दो दिन का समय लगता है और इसमें मेहनत भी काफी अधिक होती है.
खास ऑर्डर पर भी बनाते हैं
उनकी पेंटिंग्स न सिर्फ घर की दीवारों की रौनक बढ़ाती हैं, बल्कि एक अलग ही शान भी देती हैं. खास बात यह है कि सलाउद्दीन मुस्लिम होने के बावजूद राधा रानी और कृष्ण कन्हैया के बड़े भक्त हैं. इसी वजह से उनकी अधिकतर पेंटिंग्स भगवान कृष्ण और राधा से जुड़ी होती हैं, जो लोगों को भावनात्मक रूप से भी जोड़ देती हैं. वे यह भी बताते हैं कि अगर कोई ग्राहक उन्हें विशेष ऑर्डर देता है, तो वे उसे तीन से चार दिनों में पूरा कर देते हैं.
रोज आते हैं यहां
फिलहाल मोहम्मद सलाउद्दीन जमशेदपुर के सोनारी सीएच एरिया गोलचक्कर के पास रोज सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक अपनी कार के पास स्टैंड लगाकर पेंटिंग्स बेचते हैं. जैसे ही उनकी कार वहां खड़ी होती है, लोग समझ जाते हैं कि बबन भाई आ गए हैं. मेहनत, आस्था और कला का यह अनोखा संगम आज उन्हें न सिर्फ रोजगार दे रहा है, बल्कि लोगों के लिए प्रेरणा भी बन चुका है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.