Jamshedpur Makar Sankranti Preparation: जमशेदपुर में मकर संक्रांति की तैयारी जोरों पर चल रही है और यहां की जलेबी लाइन में बड़ी मात्रा में तिलकुट और तिल के लड्डू बन रहे हैं. यहां की शुद्धता और स्वाद का इतना नाम है कि लोग दूर-दूर से खरीदारी करने आते हैं और कई किलो सामान लेकर जाते हैं.
बिहार से आए खास कारीगर
इस बार खास बात यह है कि तिल के पारंपरिक स्वाद को बनाए रखने के लिए बिहार से माहिर कारीगर जमशेदपुर पहुंचे हैं. जलेबी लाइन में काम कर रहे कारीगर लवकुश बताते हैं कि वे करीब 15 लोगों की टीम के साथ बिहार से आए हैं. मकर संक्रांति के मौके पर यहां तिल के लड्डू, तिलकुट और लाई के लड्डू तैयार किए जा रहे हैं, जिनकी मांग हर साल बढ़ती जा रही है. उनका कहना है कि जमशेदपुर के लोग खास तौर पर तिलकुट के बहुत शौकीन हैं और संक्रांति के दिनों में इसकी बिक्री तेजी से होती है.
इस विधि से बनते हैं स्वादिष्ट लड्डू
तिल के लड्डू और तिलकुट बनाने की प्रक्रिया देखने लायक होती है. कारीगरों के मुताबिक सबसे पहले तिल को अच्छी तरह साफ किया जाता है, ताकि उसमें किसी भी तरह की मिलावट या गंदगी न रहे. इसके बाद तिल को भूनकर तैयार किया जाता है और फिर गर्म गुड़ की चाशनी में अच्छी तरह लपेटा जाता है. सही तापमान और सही मात्रा का संतुलन ही तिलकुट और लड्डू के स्वाद को खास बनाता है. कारीगर अपने हाथों की तेजी और अनुभव से कुछ ही पलों में गर्म मिश्रण को आकार देकर स्वादिष्ट लड्डू तैयार कर देते हैं.
जलेबी लाइन में तिल के लड्डू बनते हुए देखने वाले लोग खुद को रोक नहीं पाते. कई ग्राहक तो वहीं खड़े होकर ताजे बने लड्डू और तिलकुट का स्वाद लेने लगते हैं. कारीगरों का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति यह प्रक्रिया देख ले, तो कम से कम एक किलो तिलकुट या लड्डू खा ही ले.
कितनी होती है कीमत?
कीमत की बात करें तो इस समय तिल के लड्डू और तिलकुट करीब 300 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि शुद्ध तिल और गुड़ से बने ये पारंपरिक व्यंजन न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन हैं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं. मकर संक्रांति के नजदीक आते ही जलेबी लाइन में बढ़ती भीड़ इस बात का साफ संकेत है कि तिलकुट और तिल के लड्डुओं का स्वाद आज भी लोगों के दिलों में खास जगह बनाए हुए है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.