जमशेदपुर के उद्यमी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी मंगलवार से रहस्यमय ढंग से लापता हैं. उनकी क्रेटा कार झाड़ियों में लावारिस मिली है, जबकि अंतिम लोकेशन सोनारी में मिली थी. पुलिस सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स के जरिए अपहरण सहित अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है. इस घटना से औद्योगिक क्षेत्र में भारी दहशत है.
दोपहर से गायब हैं कैरव
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया निवासी कैरव गांधी मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे अपने घर से निकले थे. काफी समय बीत जाने के बाद जब उनका कोई संपर्क नहीं हुआ और मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा, तो परिवार की चिंता बढ़ गई. इसके बाद आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई.
झाड़ियों में मिली लावारिस कार
मामले में तब बड़ा मोड़ आया जब सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा के समीप झाड़ियों से उनकी क्रेटा कार बरामद हुई. कार लावारिस हालत में सड़क किनारे खड़ी मिली, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गायब होने से पहले कैरव का अंतिम मोबाइल लोकेशन सोनारी के आदर्श नगर इलाके में मिला था.
पुलिस कर रही छापेमारी
इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां दोनों जिलों की पुलिस अलर्ट मोड पर है. पुलिस बिष्टुपुर, सोनारी और कांदरबेड़ा जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है. कैरव के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) निकाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि गायब होने से पहले उनकी बात किससे हुई थी. देवांग गांधी का आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा कारोबार है और वे ‘इंपीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड’ समेत कई कंपनियों के संचालक हैं. उनके बेटे के गायब होने की खबर से उद्यमियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. वहीं, पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही हैं और दावा है कि कैरव को सुरक्षित ढूंढ लिया जाएगा.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.