जालोर जिले के आहोर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहां एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के करीब डेढ़ महीने बाद उसके कमरे की अलमारी से सुसाइड नोट मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। सुसाइड नोट में युवक ने प्रेम में धोखा मिलने और मानसिक पीड़ा का जिक्र करते हुए अपनी प्रेमिका को संबोधित भावुक शब्द लिखे हैं। नोट सामने आने के बाद मृतक के पिता ने प्रेमिका पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, आहोर थाना क्षेत्र के गोदन गांव निवासी सुरेश कुमार (21), पुत्र दूदाराम मेघवाल ने 29 नवंबर 2025 को अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं होने पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की थी। उस समय मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ था। हाल ही में जब परिजन युवक के कमरे की सफाई कर रहे थे, तब अलमारी से एक सुसाइड नोट मिला, जिस पर 29 नवंबर 2025 की तारीख अंकित है।
सुसाइड नोट में युवक ने लिखा है कि उसने अपनी प्रेमिका को जीवनसाथी मान लिया था और अब किसी अन्य से प्रेम नहीं कर सकता। उसने लिखा कि वह उसका पहला प्यार थी, लेकिन उसने उसे धोखा दिया। नोट के अंत में युवक ने भावुक शब्दों में लिखा “कोई बात नहीं मेरी जान, अब मैं अलविदा कह रहा हूं,” और हमेशा के लिए विदा लेने की बात कही है।
सोमवार को मृतक के पिता दूदाराम मेघवाल सुसाइड नोट लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुरेश का करीब आठ से नौ महीने से आहोर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों आपस में रिश्तेदार थे, जिस कारण परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया था। पिता का आरोप है कि समझाइश के बावजूद युवती लगातार उनके बेटे को मैसेज भेजती रही।
ये भी पढ़ें- Rajasthan: एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में फिर संकट, ICU में पानी भरने से 14 मरीजों को किया शिफ्ट; ये रही राहत की बात
पिता के अनुसार, 29 नवंबर को युवती ने जहर की डिब्बी की फोटो और भावुक मैसेज भेजे थे, जिससे सुरेश को लगा कि वह आत्महत्या करने जा रही है। इसी मानसिक दबाव में आकर उसके बेटे ने खुदकुशी कर ली।
इस संबंध में आहोर थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि मृतक के पिता द्वारा सुसाइड नोट पुलिस को सौंपा गया है। नोट की हैंडराइटिंग की जांच कराई जा रही है। साथ ही युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। मोबाइल मैसेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.