जालंधर के 66 फुट रोड में चाइनीज डोर की चपेट में आने से साढ़े 9 वर्षीय बच्चे की गर्दन गंभीर रूप से कट गई। बच्चे का करीब डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन चला, डॉक्टरों ने जान बचा ली है, लेकिन हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने 48 घंटे का ऑब्जर्वेशन दिया है। घटना रविवार देर शाम की है, जब बच्चा अन्य बच्चों के साथ साइकिल चला रहा था। इसी दौरान हवा में लटक रही चाइनीस डोर उसकी गर्दन में फंस गई, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बच्चे को गाड़ी में बैठाया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से बच्चे की जान बच सकी। अस्पताल में कल बच्चे का करीब एक से डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों के अनुसार हालत फिलहाल क्रिटिकल है और अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं। हालत स्थिर होने पर बच्चे को आईसीयू से शिफ्ट किया जाएगा। चाइनीज डोर तलवार से भी ज्यादा खतरनाक बच्चे के पिता गुरु सिमरन संधू ने बताया कि यह हादसा जालंधर के 66 फुट रोड स्थित इको होम सोसाइटी के पास हुआ। उन्होंने कहा कि चाइनीज डोर तलवार से भी ज्यादा खतरनाक है और उनके बेटे की गर्दन पर ऐसा जख्म हुआ है, जैसे किसी ने तलवार से वॉर किया हो। पिता ने पुलिस शिकायत दर्ज करवाई पिता ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। उन्होंने मांग की कि चाइनीज डोर बेचने और खरीदने वालों के खिलाफ अटेंप्ट टू मर्डर की धाराओं में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आरोपियों की तस्वीरें होर्डिंग बोर्ड पर लगाकर शहर में लगाई जाएं, ताकि लोग जागरूक हों और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। चाइनीज डोर के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएंगे अभी कुछ दिन पहले जालंधर पुलिस ने करीब 50 पेटी चाइनीस डोर बरामद कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बावजूद शहर में चाइनीज डोर खुलेआम बिक रही है। बच्चे के पिता ने कहा कि जैसे ही उनका बेटा स्वस्थ होगा, वह चाइनीज डोर के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएंगे और प्रशासन से मिलकर लोगों को इसके खतरों के बारे में बताएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.