जयपुर
ACB के पूर्व डीजी रवि प्रकाश मेहरड़ा के खिलाफ राजधानी के गांधी नगर थाने में FIR दर्ज की गई है. मामले में रिटायर्ड IPS जसवंत सम्पतराम सहित अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं. यह मामला डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान से जुड़ा बताया जा रहा है. FIR में हमला, गाली-गलौच, छेड़छाड़ और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
जैसलमेर
पूर्व कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने केलावा के निकट गोवंश वध की सूचना पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद, निंदनीय और गंगा-जमुनी तहज़ीब के खिलाफ बताया. शाले मोहम्मद ने कहा कि इस तरह की घटनाएं शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने का प्रयास हैं. उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
जैसलमेर
पोकरण पुलिस ने बैल की निर्मम हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एएसपी प्रवीण कुमार और सीओ भवानी सिंह राठौड़ के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी. थानाधिकारी भारत सिंह रावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई अंजाम दी गई. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
एथेनॉल फैक्ट्री समर्थन में उतरे टिब्बी के लोग
हनुमानगढ़ के टिब्बी क्षेत्र के राठीखेड़ा में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर अब स्थानीय नागरिक समर्थन में उतर आए हैं. लोगों ने “फैक्ट्री लगाओ, क्षेत्र में खुशहाली लाओ” संघर्ष समिति का गठन किया है. नागरिकों का कहना है कि फैक्ट्री लगने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र का विकास होगा. फैक्ट्री के समर्थन में 5 फरवरी को टिब्बी में महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की गई है. इसके लिए एसडीएम टिब्बी को ज्ञापन सौंपकर अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है. साथ ही कुछ लोगों पर बाहरी तत्वों को बुलाकर माहौल खराब करने के आरोप भी लगाए गए हैं.
अलवर में भैंस लेकर पहुंचे जिला पार्षद
अलवर जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक उस वक्त हंगामेदार हो गई जब जिला पार्षद संदीप फौलादपुरिया भैंस लेकर परिषद कार्यालय पहुंच गए. पार्षद ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते मुंडावर के अलीपुर गांव में करंट लगने से 10 भैंसों की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में पशु चोरी और हादसों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही, मजबूरन उन्हें विरोध का यह अनोखा तरीका अपनाना पड़ा. जिला परिषद गेट पर काफी देर तक भैंस खड़ी रही, जिससे लोगों की भीड़ जुट गई.
जयपुर ग्रामीण के रेनवाल मांजी क्षेत्र में अवैध बजरी पर पुलिस सख्त
जयपुर ग्रामीण के रेनवाल मांजी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बजरी का अवैध परिवहन कर रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है. इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू बागरिया निवासी फागी और हंसराज निवासी रेनवाल मांजी के रूप में हुई है. रेनवाल मांजी थाना पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन माफिया में हड़कंप मच गया है. पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.
जयपुर ग्रामीण के चंदवाजी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी मामला
जयपुर ग्रामीण के चंदवाजी थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी राशिद खान को गिरफ्तार किया है. आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करता था. पुलिस ने उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. यह कार्रवाई ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत चंदवाजी थाना पुलिस और साइबर सेल जयपुर ग्रामीण की संयुक्त टीम द्वारा की गई. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
उदयपुर हाइवे बैरियर की मांग
उदयपुर के आरकेपुरम और गोकुल विलेज क्षेत्र के वाशिंदों ने जिला प्रशासन से हाइवे पर बैरियर लगाने की मांग की है. गिरजा व्यास पेट्रोल पंप के पास हाइवे पार करते समय स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब तक यहां कई हादसे हो चुके हैं और भविष्य में बड़ी जनहानि की आशंका बनी हुई है. लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
बीकानेर बॉर्डर पर पाक की नापाक साजिश और हेरोइन बरामदगी
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र में एक बार फिर मादक पदार्थों की तस्करी का मामला सामने आया है. खाजूवाला थाना क्षेत्र के 40KJD के पास करीब 500 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है. प्रथम दृष्ट्या माना जा रहा है कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए यह खेप भारतीय सीमा में गिराई गई थी. इंटेलिजेंस और BSF की टीम ने हेरोइन को कब्जे में ले लिया है. वर्तमान में पुलिस और BSF की टीमें रेगिस्तानी इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.
कोटा की मुख्य नहर में डूबने से युवक की मौत
कोटा के पाटन रोड स्थित मुख्य नहर में एक युवक के डूबने की दुखद घटना सामने आई है. सूचना मिलते ही कुन्हाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और देर रात कड़कड़ाती ठंड के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को नहर से बाहर निकाल लिया गया है. पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि यह कोई हादसा था या फिर आत्महत्या का मामला.
जयपुर में बजट पूर्व चिकित्सा विभाग की अहम बैठक
भजनलाल सरकार आगामी बजट को लेकर तैयारियों में जुट गई है. इसी कड़ी में आज जयपुर स्थित CMO में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दोपहर 12:30 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है. इस बैठक में चिकित्सा और चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े सुझावों पर विस्तार से चर्चा होगी. बैठक में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहेंगे.
रणथंभौर नेशनल पार्क: टाइगर T-2408 को रामगढ़ शिफ्ट करने की तैयारी
रणथंभौर नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर आई है. पार्क के टाइगर T-2408 को रामगढ़ अभ्यारण्य में शिफ्ट किया जा रहा है. वन विभाग की टीम ने टाइगर को सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज कर लिया है और अब उसे सुरक्षित रूप से नए ठिकाने पर भेजने की प्रक्रिया जारी है.
नागौर: चलते ट्रक में टायर फटने से लगी भीषण आग
नेशनल हाईवे 62 पर खींवसर के पास रात करीब 1 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. लकड़ी के बुरादे से भरे एक चलते ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे ट्रक में भीषण आग लग गई. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. सूचना मिलते ही खींवसर पुलिस और नागौर से आई दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, जो सुबह तक जारी रहा.
रेलवे अपडेट: आगरा मंडल ने वसूला 2.81 करोड़ का जुर्माना
दिसंबर 2025 के दौरान आगरा रेल मंडल (जिसके अंतर्गत धौलपुर रेलवे स्टेशन भी आता है) ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया. इस कार्रवाई के दौरान कुल 41,566 मामले दर्ज किए गए. रेलवे ने बिना टिकट यात्रियों से 1.74 करोड़ और अनियमित यात्रा से 1.06 करोड़ रुपये सहित कुल 2.81 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है.
धौलपुर: अवैध चंबल रेता परिवहन पर बड़ी कार्रवाई
चंबल घड़ियाल संरक्षित क्षेत्र से अवैध रेता ले जा रहे एक डम्फर को कोतवाली थाना पुलिस ने जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान बिना लाइसेंस रेता ले जा रहे चालक ने भागने का प्रयास किया, जिसमें वह घायल हो गया. पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बीएनएस (BNS), वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और फॉरेस्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
धौलपुर: घरेलू विवाद में देवर गिरफ्तार
सैपऊ थाना क्षेत्र के तसीमो गांव में दो दिन पहले हिस्सा बंटवारे को लेकर देवर, देवरानी और जेठानी के बीच खूनी संघर्ष हुआ था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है. मेडिकल जांच में चोटें साधारण पाई गई हैं, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी देवर रोहित को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.