अलवर से बड़ी खबर
अलवर के सदर थाना क्षेत्र में छठी मील के पास बड़ा सड़क हादसा हुआ है. यहां दो कारों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार सड़क पर पलट गई. बताया जा रहा है कि एक कार तिजारा की ओर से तेज गति में आ रही थी, जबकि दूसरी कार अलवर से ककराली की तरफ जा रही थी. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. छठी मील पर इससे पहले भी थार गाड़ी से बड़ा हादसा हो चुका है, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की जान गई थी. लगातार हादसों के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.
श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर में एक छात्रा की स्कूल भवन की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई. मामला सुखाड़िया सर्किल क्षेत्र स्थित एक विद्यालय का है. जानकारी के अनुसार, आज छात्रा का प्रैक्टिकल परीक्षा था. हादसे के बाद छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. छात्रा का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. फिलहाल छात्रा के गिरने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
जयपुर
जयपुर में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. जयपुरिया और RUHS अस्पताल के अधीक्षकों को बदल दिया गया है. जयपुरिया अस्पताल के नए अधीक्षक डॉ. राजाराम को बनाया गया है, जबकि RUHS अस्पताल का चार्ज डॉ. अनिल गुप्ता को सौंपा गया है. पूर्व अधीक्षक डॉ. महेश मंगल लगातार विवादों में रहे थे और उनके पास जयपुरिया के साथ-साथ RUHS का भी अतिरिक्त प्रभार था. निरीक्षण के दौरान जयपुरिया अस्पताल में कई खामियां सामने आई थीं. हाल ही में प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ के निरीक्षण में भी कमियां उजागर होने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है.
जामसर में धर्म परिवर्तन का आरोप, युवक हिरासत में
जामसर क्षेत्र में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने बीमार लोगों को निशाना बनाकर धर्म परिवर्तन का दबाव देने के आरोपी हरपाल ओड को पकड़ लिया. आरोप है कि वह ईसाई धर्म अपनाने के लिए लालच दे रहा था. सूचना पर जामसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे. परिवादी करणराज ओड ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.
भारत-पाक सीमा पर धारा 163 लागू
भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में सुरक्षा के मद्देनजर धारा 163 लागू कर दी गई है. सीमा से 3 किलोमीटर के दायरे में आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा. शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. रात में तेज रोशनी, पटाखे, DJ और ध्वनि यंत्रों पर रोक लगाई गई है. किसान BSF की अनुमति से ही खेती कर सकेंगे. पाकिस्तानी लोकल सिम पर भी प्रतिबंध रहेगा.
माउंट आबू में बड़ा हादसा टला
सिरोही जिले के माउंट आबू में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. अचलगढ़ मार्ग पर वीर बाबाजी मंदिर के पास एक वाहन संतुलन बिगड़ने से करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरा. वाहन में गुजरात के गांधीधाम से आए दो पुरुष, एक महिला और एक बच्ची सवार थे. हादसे में एक सैलानी के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे को कमर में चोट लगी है. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. गनीमत रही कि हादसा ज्यादा गंभीर नहीं हुआ और सभी चार सैलानी सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
बाड़मेर बस स्टैंड पर हंगामा
अध्यापक सीधी भर्ती 2025 परीक्षा को लेकर बाड़मेर केंद्रीय बस स्टैंड पर जमकर हंगामा हुआ. जोधपुर परीक्षा केंद्र आवंटित होने से परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बसों में बैठने को लेकर अफरा-तफरी मच गई. हालात बेकाबू होने पर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा और कतारें लगवाकर बसों में बैठाया गया. अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि रोडवेज ने पहले से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था नहीं की. वहीं रोडवेज प्रशासन ने दावा किया कि हर 20 मिनट में निशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है.
हनुमानगढ़ में SIR को लेकर प्रदर्शन
हनुमानगढ़ में SIR के नाम पर वोट काटने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर खुशाल यादव को ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शनकारियों ने BLO पर वोटर लिस्ट उपलब्ध नहीं कराने के आरोप लगाए. इसके साथ ही केंद्र सरकार पर नरेगा योजना को समाप्त करने का आरोप भी लगाया गया. प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है.
भीलवाड़ा में मां ने बच्चों की हत्या की
भीलवाड़ा जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपने ही दो मासूम बेटे और बेटी की सरिए से मारकर हत्या कर दी. मांडलगढ़ थाना पुलिस आरोपी महिला संजू देवी को लेकर मानपुरा पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कराया गया. आरोपी महिला को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उसके ससुराल लाया गया. इस दौरान संजू देवी रोती-बिलखती नजर आई. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
टोंक जिले के देवली में DST की बड़ी दबिश
टोंक जिले के देवली क्षेत्र में DST टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार, हथियारों के पार्ट्स और भारी मात्रा में बारूद बरामद किया गया है. मौके पर अवैध सामग्री जब्त करने की प्रक्रिया लगातार जारी है. हालांकि फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. कार्रवाई के दौरान DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी, देवली थानाधिकारी समेत पुलिस का भारी जाब्ता मौजूद है. पूरे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और जांच की जा रही है.
बूंदी में रंजिश से खूनी संघर्ष
बूंदी जिले के चंदा का तालाब क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. इस झड़प में एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. सूचना मिलते ही तालेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है.
जयपुर में राष्ट्रपति दौरे में हादसा
जयपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान एक हादसा सामने आया है. जानकारी के अनुसार चलती कारगेट गाड़ी से एक पुलिस जवान गिर गया. यह हादसा स्टेट हैंगर के बाहर हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गिरने से पुलिस जवान के सिर में चोट आई है. घायल जवान को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल जवान की हालत स्थिर बताई जा रही है.
भीलवाड़ा: व्याख्याता के तबादले पर छात्राओं का आंदोलन
नन्दराय स्कूल में व्याख्याता शंकर लाल जाट के तबादले को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है. पिछले पांच दिनों से छात्रों का प्रदर्शन जारी है. छात्राओं का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें स्कूल के पास से जबरन हटा दिया, जिसके कारण अब वे स्कूल से दूर एक मंदिर के पास धरने पर बैठी हैं. छात्र तबादला निरस्त करने की मांग पर अड़े हुए हैं और एहतियात के तौर पर स्कूल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
बालोतरा: शिक्षकों की कमी को लेकर स्कूल में तालाबंदी
पादरू के कुंडल ग्राम पंचायत स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ग्रामीणों और छात्रों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया है. यहां कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के भविष्य का जिम्मा मात्र दो शिक्षकों पर है. लंबे समय से रिक्त पड़े पदों के कारण पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा.
झालावाड़: शॉर्ट सर्किट से कार जलकर हुई राख
झालावाड़-बारां मेगा हाईवे पर बाघेर घाटी इलाके में देर रात एक चलती कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई. देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई. राहत की बात यह रही कि कार में सवार झालरापाटन निवासी अधिवक्ता का परिवार समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया. फायर ब्रिगेड और मंडावर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.
श्रीगंगानगर: शराब ठेकों के लुटेरे गिरोह का पर्दाफाश
सूरतगढ़ सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब ठेकों को लूटने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए बदमाश हनुमानगढ़ के टिब्बी क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनके पास से 3 पिस्तौल व कारतूस बरामद किए गए हैं. इन आरोपियों पर पहले से ही दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं.
चित्तौड़गढ़: मकान के भीतर अफीम की खेती पकड़ी गई
चित्तौड़गढ़ की सदर थाना पुलिस ने सेती स्थित तिलक नगर में एक मकान पर छापा मारकर अवैध अफीम की खेती पकड़ी है. आरोपी ने मकान के अंदर 10 अलग-अलग टबों में अफीम के 352 पौधे उगा रखे थे. पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
झालावाड़: टायर चोरी मामले में पांच बदमाश गिरफ्तार
खानपुर थाना पुलिस ने पुराने टायर गोदाम से हुई चोरी के मामले में सफलता हासिल की है. पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किए गए 35 टायर और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो जब्त किया है. ज्ञात हो कि खानपुर कस्बे के एक गोदाम से कुल 145 पुराने टायर चोरी हुए थे.
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का तीखा राजनीतिक हमला
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ‘राम’ के नाम से एलर्जी है. मुख्यमंत्री ने VB G RAM G योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे ‘रामसेतु’ के नाम में राजस्थान और मध्य प्रदेश के अक्षर समाहित हैं, वैसे ही इस नई योजना में भी राम का नाम आया है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के इस चेहरे को जनता के बीच उजागर करने का आह्वान किया.
जोधपुर: मिर्धा परिवार का जमीन विवाद
मिर्धा परिवार के जमीन विवाद में एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ज्योति मिर्धा ने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से चचेरे भाई मनीष मिर्धा के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है. वायरल वीडियो में मनीष मिर्धा पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
अजमेर: पेड़ पर लटका मिला अज्ञात शव
अजमेर के अंदरकोट क्षेत्र में पीपल के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर दरगाह थाना पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर मोर्चरी में रखवाया. पुलिस मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है.
अलवर: जिला परिषद की बैठक में अनोखा प्रदर्शन
अलवर में जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक के दौरान पार्षद जगदीश जाटव फावड़ा और परात लेकर पहुंचे. उन्होंने मनरेगा योजना का नाम बदलने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. पार्षद का कहना है कि सरकार ने योजना का स्वरूप बदला है, जहाँ पहले 100 दिन का रोजगार मिलता था, अब उसे 125 दिन कर दिया गया है.
जयपुर: हीरापुरा बस टर्मिनल का शुभारंभ
जयपुर शहरवासियों को आज नए बस स्टैंड की बड़ी सौगात मिली है. अजमेर रोड पर स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल का आज से विधिवत शुभारंभ हो गया है. अब अजमेर रूट की 133 रोडवेज बसों का संचालन यहीं से शुरू होगा. इसके साथ ही खाटू श्याम जी रूट की 76 निजी स्टेज बसें भी इसी टर्मिनल से संचालित होंगी. रोडवेज और निजी बसों के एक ही स्थान से चलने और परिवहन सचिव शुचि त्यागी के विशेष प्रयासों से अब 200 फीट बाइपास पर यातायात का दबाव काफी कम हो जाएगा.
बीकानेर: सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
बीकानेर के लूणकरणसर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ उपखंड अधिकारी कार्यालय के पास सर्विस रोड पर बाइक और पिकअप के बीच भीषण भिड़ंत हो गई. हादसे में बाइक सवार चुन्नीलाल माड़िया की मौके पर ही मौत हो गई जो नोखा के गांव माड़िया के निवासी थे. लूणकरणसर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मोर्चरी में रखवाया है. यह हादसा देर रात घटित हुआ था.
जालोर: पंचायत समिति मुख्यालय को लेकर आंदोलन
जालोर में झाब बचाओ संघर्ष समिति का धरना प्रदर्शन आज 18वें दिन भी जारी रहा. ग्रामीण झाब के स्थान पर भादरुणा को पंचायत समिति मुख्यालय बनाए जाने का कड़ा विरोध कर रहे हैं. 24 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण नियमित ज्ञापन. ट्रैक्टर रैली और भूख हड़ताल कर रहे हैं. ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बावजूद अभी तक कोई जनप्रतिनिधि या उच्च अधिकारी उनसे संवाद करने नहीं पहुंचा है.
श्रीडूंगरगढ़: नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में पुलिस ने 7 किलो 360 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है. इस मामले में ठुकरियासर निवासी मुनीराम ब्राह्मण और लालचंद गोदारा को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने जयपुर रोड पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को बाइक सहित पकड़ा है.
जयपुर एयरपोर्ट: फ्लाइट्स के शेड्यूल में भारी गड़बड़ी
जयपुर एयरपोर्ट पर आज विमानों का संचालन फिर से प्रभावित हुआ है. इंडिगो की चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट लगातार चौथे दिन रद्द रही जिससे सुबह के समय यात्री परेशान नजर आए. इसके अलावा स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ान और इंडिगो की मुंबई फ्लाइट भी अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं. इससे हवाई यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जयपुर दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल राजस्थान की राजधानी जयपुर के दौरे पर रहेंगी. राष्ट्रपति के इस संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण दौरे का पूरा कार्यक्रम आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है. वे कल दोपहर 1:20 बजे पंजाब के आदमपुर एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा रवाना होंगी और दोपहर 2:40 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी. उनके इस दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं. जयपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति दोपहर 3:30 बजे नींदड़ आवासीय योजना पहुंचेंगी. जहाँ वे जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी की कथा में शामिल होंगी. इसके पश्चात 3:40 बजे से 4:10 बजे तक वे वहां आयोजित हो रहे 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में सहभागिता करेंगी. इस दौरान राष्ट्रपति विश्व शांति की कामना के साथ महायज्ञ में आहुति देंगी और करीब 4:00 बजे जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी के आशीर्वचन भी सुनेंगी. धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद राष्ट्रपति मुर्मू शाम 4:50 बजे पुनः जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी. इसके बाद शाम 5:00 बजे वे जयपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगी. उनके इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.
दौसा की उकाली घाटी में पैंथर का मूवमेंट
दौसा जिले की उकाली घाटी से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहाँ लांका के समीप सड़क के बीचों-बीच एक पैंथर को गौवंश का शिकार करते देखा गया. वहाँ से गुजर रहे एक कार सवार व्यक्ति ने इस पूरे वाकये का वीडियो बना लिया. पैंथर काफी समय तक सड़क के आसपास ही घूमता रहा. जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई है. सूचना के बाद वन विभाग और स्थानीय पुलिस को सतर्क कर दिया गया है.
बीकानेर में सड़क हादसा: एक की मौत
बीकानेर के जोधपुर-जयपुर बाईपास पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जहाँ एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में चौथा देवी नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उनके पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतका के शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. गंगाशहर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सोलर प्लांट के लिए खेजड़ी की कटाई पर आक्रोश
बीकानेर के पूगल क्षेत्र में सोलर प्लांट लगाने के नाम पर राज्य वृक्ष खेजड़ी की अंधाधुंध कटाई का मामला गरमा गया है. भानीपुरा और करणीसर भाटियान में अब तक करीब 900 खेजड़ी के पेड़ काटे जा चुके हैं. पर्यावरण प्रेमियों ने प्रशासन की देरी और वन माफिया की मनमानी के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन किया है. जीव रक्षा संस्थान के नेतृत्व में अब 2 फरवरी को बीकानेर में खेजड़ी बचाने के लिए एक विशाल महापड़ाव आयोजित किया जाएगा.
जोधपुर में मिर्धा परिवार का कानूनी विवाद
जोधपुर में दिग्गज मिर्धा परिवार का जमीनी विवाद अब खुलकर सामने आ गया है. पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा के प्रतिनिधि ने उनके चचेरे भाई मनीष मिर्धा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है. इस विवाद के बीच मनीष मिर्धा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें उन्होंने इस मुकदमे पर कई तीखे सवाल उठाए हैं और अपना पक्ष रखा है.
चुनाव आयोग ने SIR के तहत वोटर लिस्ट में दावे-आपत्तियों की अंतिम तिथि बढ़ाई
चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत वोटर लिस्ट से जुड़े दावे और आपत्तियां जमा करने की तारीख बढ़ा दी है. राजस्थान सहित SIR लागू राज्यों में अब मतदाता अपने नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए 19 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं. चुनाव आयोग ने कहा है कि बढ़ी हुई समयसीमा में प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा किया जाएगा. इस फैसले से SIR प्रक्रिया में शामिल मतदाताओं को अपने वोटर आईडी विवरण में सुधार या संशोधन करने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा.
कांग्रेस ने SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर अदालत में याचिका दायर करने का ऐलान किया
कांग्रेस ने राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अदालत जाने का ऐलान किया है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बताया कि वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और हटाने के लिए एक साथ हजारों फॉर्म लिए जाने के मामले में पार्टी कोर्ट जाएगी. टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया और वोटर लिस्ट में सुनियोजित छेड़छाड़ की कोशिश की. उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सजगता के कारण यह षड्यंत्र विफल रहा. टीकाराम जूली ने कहा कि अब इस मामले में चुनाव आयोग की भी भूमिका संदिग्ध हो गई है. उन्होंने राजस्थान में बिना आवश्यकता SIR में आपत्ति की तारीख बढ़ाने पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि तारीख बढ़ाने से भाजपा को दोबारा कुप्रयास करने का मौका मिला. उन्होंने प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से SIR प्रक्रिया पूरी होने तक सतर्क रहने का आह्वान किया. टीकाराम जूली ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या के प्रयास में शामिल अधिकारियों की कानूनी जवाबदेही तय की जानी चाहिए. यह बयान उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जारी किया.
चित्तौड़गढ़ पुलिस ने ऑपरेशन “विष हरण” में मादक पदार्थ फैक्ट्री पकड़ी, तीन गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ में पुलिस ने ऑपरेशन “विष हरण” के तहत गंगरार क्षेत्र के जीवा नायकों का खेड़ा गांव में स्थित एक मकान पर दबिश देकर मादक पदार्थ बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया. इस कार्रवाई में पुलिस ने 6 ग्राम स्मैक, 69 ग्राम टांका, 4 लैपटॉप, 33 मोबाइल फोन, कैमरा, ड्रोन सेट, नोट गिनने की मशीन और 14,16,950 रुपये बरामद किए. इस कार्रवाई से अंतर-जिला तस्करी का नेटवर्क भी ध्वस्त हुआ. पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ जारी है और इस गिरोह के अन्य सहयोगियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है.
झुंझुनूं में एटीएम लूट के प्रयास में शामिल इनामी आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनूं के नवलगढ़ पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी अरशद को गिरफ्तार किया, जो एक अंतर्राज्यीय एटीएम लूट गैंग का सक्रिय सदस्य है. पुलिस ने बताया कि अरशद ने गैस कटर से एसबीआई एटीएम काटकर उसे ले जाने का प्रयास किया था. गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थान में इसी तरह की वारदातें करने की बात स्वीकार की. इस प्रकरण में पहले ही 3 अन्य आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और अन्य सहयोगियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
कोटा में मृत बछड़े के अंग मिलने पर हंगामा, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध
कोटा के कंसुआ इलाके में एक मृत बछड़े के अंग मिलने से स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में हंगामा मच गया. पुलिस ने बताया कि बछड़े का कटा हुआ पैर और बोरे में बंद धड़ का हिस्सा बरामद हुआ. स्थानीय लोगों और संगठनों ने उद्योग नगर थाना में शिकायत दर्ज करवाई और बछड़े का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
टोंक में DST की कार्रवाई में 150 किलो बारूद बरामद, दो गिरफ्तार
टोंक में DST ने टोंक शहर और देवली में तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और विस्फोटक पदार्थ बरामद किए. पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में 150 किलो से अधिक हाई एक्सप्लोजिव बारूद, बंदूकों में इस्तेमाल होने वाला बारूद, वाइट गन पाउडर, लोहे के छर्रे, ट्रिगर और पोटीदार बंदूक जब्त की गई. इसके अलावा बड़ी मात्रा में पोटाश और बारूद बनाने का शोला और धारदार 6 तलवारें भी पुलिस ने कब्जे में ली. DST टीम ने इस कार्रवाई में मोहम्मद अतीक और राजू लोहार नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य सहयोगियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
दौसा के बांदीकुई के पास पैंथर का मूवमेंट, ग्रामीणों में दहशत
दौसा के बांदीकुई के पास पिचूपाड़ा खुर्द गांव की एक ढाणी के पास पैंथर के मूवमेंट की सूचना मिली. ग्रामीणों ने यह जानकारी तुरंत वन विभाग को दी. वन विभाग ने बताया कि आबादी क्षेत्र में पैंथर के मूवमेंट के कारण लोगों में दहशत का माहौल है. विभाग टीम क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
अलवर के रामगढ़ में विवाहिता से दो युवकों ने किया दुष्कर्म
अलवर के रामगढ़ में किराना का सामान लेने गई एक विवाहिता के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया है.पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, पीड़िता किराना दुकान पर सामान लेने गई थी. दुकान संचालक सहित एक अन्य युवक ने उसे जबरन दुकान के अंदर खींच लिया. बारी-बारी से पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता ने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर शोर मचाया. आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी. घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत परिजनों को जानकारी दी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.