जोधपुर की स्टील फैक्ट्री में भीषण आग
जोधपुर के बासनी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक स्टील फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. बासनी फायर अधिकारी प्रशांत सिंह के अनुसार हालात पर काबू पाने की कोशिश जारी है.
सीकर : गणेश्वर तीर्थ में सूटकेस धमाका
सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र स्थित गणेश्वर तीर्थ धाम में उस समय हड़कंप मच गया जब कुंड में पड़े एक सूटकेस में अचानक विस्फोट हो गया. धमाके की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग घबरा गए और परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. विस्फोट से धाम की कुछ दीवारों में दरारें आने की जानकारी सामने आई है. घटना के दौरान मंदिर परिसर में जीर्णोद्धार कार्य चल रहा था. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षेत्र को घेरा गया और जांच शुरू की गई.
सिरोही : बाणमाता मंदिर में लाखों की चोरी
सिरोही जिले के मंडार थाना क्षेत्र के मगरीवाड़ा स्थित प्रसिद्ध बाणमाता मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चांदी के आभूषण व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. वारदात के बाद आरोपी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे जांच प्रभावित हो सकती है. सुबह पुजारी के मंदिर पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दौसा : क्लासरूम में छात्रा की मौत
दौसा जिले के एक निजी कॉलेज में बीए-बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा विनीता बैरवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार छात्रा क्लासरूम में अचानक गिर पड़ी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रा बेहोश हुई थी, वहीं परिजनों ने सीसीटीवी बंद होने पर सवाल उठाते हुए घटना को संदिग्ध बताया है. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है.
रियांबड़ी (नागौर) : मारपीट-जहर मामले में मौत
नागौर जिले के रियांबड़ी क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट कर कथित रूप से जहर पिलाने का मामला सामने आया है. घायल युवक हनुमान नाथ की अजमेर के जेएलएन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और उपखंड कार्यालय रियांबड़ी पर धरना दे दिया. परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक के साथ मारपीट कर उसे जहर दिया गया. फिलहाल शव अजमेर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
भीलवाड़ा : डॉक्टर के घर दिनदहाड़े चोरी
भीलवाड़ा में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक डॉक्टर के घर में घुसकर नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब एक लाख रुपये नकद, 50 ग्राम सोना और आधा किलो से अधिक चांदी चोरी हुई है. सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है.
धौलपुर : कैश वैन ने बस को मारी टक्कर
धौलपुर में नेशनल हाईवे-44 पर मिडवे के पास एक सड़क हादसा हो गया, जहां पीछे से आ रही बैंक की कैश वैन ने रोडवेज बस को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैश वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में चालक सहित दो लोग घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और हाईवे पर यातायात को सुचारू कराया. मामले की जांच जारी है.
बाड़मेर – स्कूल बस से हेड कांस्टेबल घायल
बाड़मेर शहर में एक निजी स्कूल बस और बाइक की भिड़ंत में हेड कांस्टेबल गिरधारी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार “द मॉडर्न स्कूल” की बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चालक से पूछताछ की जा रही है.
किशनगढ़ : किशनगढ़ में वीवीआईपी हलचल
मार्बल नगरी किशनगढ़ में एक विवाह समारोह को लेकर बड़ा वीवीआईपी मूवमेंट देखने को मिल रहा है. विधायक विकास चौधरी के भाई के विवाह में कई गणमान्य नेता और राजनेताओं के पहुंचने का कार्यक्रम है. एयरपोर्ट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं के आने की सूचना है. सचिन पायलट भी किशनगढ़ पहुंच चुके हैं. प्रशासन अलर्ट मोड पर है.
झालावाड़ : हत्या में तीन महिलाएं गिरफ्तार
झालावाड़ जिले के अकलेरा क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. कालूलाल हत्याकांड में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई. दो दिन पहले मदनपुरिया चुरेल इलाके में वारदात हुई थी. बताया जा रहा है कि मृतक ने छह साल पहले एक अन्य व्यक्ति की हत्या की थी. जेल से छूटने के बाद गांव लौटने पर उसकी हत्या कर दी गई.
अलवर : बोरवेल में मिली चमकीली धातु
अलवर के अल्कापुरी क्षेत्र में सरकारी बोरवेल खुदाई के दौरान करीब 800 फीट नीचे से पानी-मिट्टी के दबाव के साथ चमकीले पत्थर जैसे धातु के टुकड़े निकलने से लोगों में उत्सुकता बढ़ गई. मजदूरों ने सबसे पहले इन्हें देखा, जिसके बाद आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए. हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह चांदी है या कोई अन्य धातु. बोरिंग कर्मियों ने बताया कि आखिरी 20 फीट खुदाई में ये टुकड़े निकले.
अलवर (मालाखेड़ा) : युवक ने फांसी की कोशिश
अलवर के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के हल्दीना गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है. युवक रामबीर ने घर में चुन्नी से फंदा लगाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया. हालांकि युवक अचेत हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया. युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है.
गोविंदगढ़ (अलवर) : गौवंश कटान से क्षेत्र में सनसनी
गोविंदगढ़ के प्लान खेड़ा इलाके में कथित रूप से गौवंश काटने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख वहां मौजूद करीब छह लोग फरार हो गए. ग्रामीणों ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर वे एकत्रित होकर पहुंचे थे. मौके की स्थिति देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया. सूचना पर पुलिस भी पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है.
चूरू – अधिवक्ता से बदसलूकी पर विरोध
चूरू में एसपी कार्यालय में अधिवक्ता से कथित बदसलूकी के विरोध में बार काउंसिल के वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया. अधिवक्ताओं ने एसपी दफ्तर पहुंचकर घेराव और नारेबाजी की. दो दिन पहले एडवोकेट अभिषेक पूनियां के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर नाराज वकीलों ने कार्रवाई की मांग की. एसपी ने दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है. बार काउंसिल ने पहले दो दिन का अल्टीमेटम दिया था.
बाड़मेर – बिजली पोल क्षतिग्रस्त
बाड़मेर जिले के शिव क्षेत्र के मौखाब गांव में एक 11 केवी विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. ग्रामीणों के अनुसार सोलर कंपनी के वाहन की टक्कर से पोल टूटा. घटना के बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए और विद्युत विभाग को सूचना दी गई. अधिकारी मौके पर पहुंचे और अधीक्षण अभियंता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए. विभाग ने मामला दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है.
जोधपुर : शास्त्री नगर में मकान में आग
जोधपुर के शास्त्री नगर इलाके में एक मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घटना के समय आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
दौसा (बांदीकुई) : बैंक की लापरवाही से हंगामा
दौसा जिले के बांदीकुई में यूको बैंक में बिजली कटौती के कारण कई घंटों तक कामकाज ठप रहा, जिससे उपभोक्ता परेशान हो गए. बैंक कर्मियों ने पावर कट का हवाला दिया, वहीं सीसीटीवी और यूपीएस भी बंद मिले. सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे. जनरेटर और सोलर सुविधा नहीं होने से ग्रामीण उपभोक्ताओं को लेनदेन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई लोग घंटों बैंक के बाहर खड़े रहे और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई.
नीमराना (कोटपूतली) : बाइक हादसे में दो युवकों की मौत
नीमराना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर घर के बाहर बने रैंप से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान कुतीना निवासी अभिषेक और खेड़ी तलवाना निवासी राहुल के रूप में हुई है, जो आपस में ममेरे भाई थे. दोनों हरियाणा के हिसार में बीएसएफ कांस्टेबल की फिजिकल परीक्षा देकर लौट रहे थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कोटा : JEE Main रिजल्ट 16 फरवरी
कोटा सहित देशभर के लाखों छात्रों के लिए JEE Main जनवरी सेशन के परिणाम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने रिजल्ट जारी करने की तारीख में बदलाव किया है. अब परीक्षार्थियों को 16 फरवरी तक इंतजार करना होगा. पहले परिणाम जल्द जारी होने की उम्मीद थी, लेकिन नई तिथि घोषित होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए हुए हैं.
करौली : गौरव पथ मरम्मत कार्य शुरू
करौली में गौरव पथ सड़क के पुनर्निर्माण कार्य का विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने फीता काटकर शुभारंभ किया. मैरिज गार्डन से गुलाब बाग तिराहे तक करीब 380 मीटर सड़क का निर्माण लगभग 84 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा. लंबे समय से गड्ढों से परेशान शहरवासियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है. निर्माण कार्य करीब दो माह में पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है.
अलवर – श्रमिक संगठनों की हड़ताल
चार कोड बिल के विरोध में धरनाअलवर में श्रमिक संगठनों ने नए श्रम कानूनों और चार कोड बिलों के विरोध में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत प्रदर्शन किया. केंद्रीय बस स्टैंड पर एटक, रोडवेज यूनियन और अन्य संगठनों ने धरना देकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नए कानून मजदूरों और किसानों के हित में नहीं हैं. संगठनों ने मनरेगा और श्रमिक अधिकारों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया.
जयपुर : सेंट्रल जेल में खूनी संघर्ष
जयपुर सेंट्रल जेल में दो कैदी गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर खूनी झड़प हो गई. वार्ड नंबर 2 और 11 में हुई इस घटना में कैदी राजेश उर्फ RDX और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जेल प्रहरी की शिकायत पर लालकोठी थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
झालावाड़ : टीचर्स की रील पर विभाग सख्त
झालावाड़ जिले के भवानीमंडी कस्बे के एक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में महिला शिक्षिकाओं के फिल्मी गानों पर रील बनाने का मामला सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लिया. ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही है. मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और विभागीय कार्रवाई की तैयारी चल रही है.
बांसवाड़ा : अवैध पिस्टल संग युवक गिरफ्तार
बांसवाड़ा में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ राजतालाब थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक देशी पिस्टल बरामद की है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवक की पहचान खांदू कॉलोनी निवासी सन्नी थमीर के रूप में हुई है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देश पर की गई. पुलिस के अनुसार आरोपी से हथियार रखने के संबंध में पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
केकड़ी (अजमेर) : फरार हेड कांस्टेबल पकड़ा गया
केकड़ी में राजकीय जिला चिकित्सालय के बाहर मारपीट के मामले में फरार चल रहे निलंबित हेड कांस्टेबल राजेश मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा ने कार्रवाई को अंजाम दिया. आरोपी पर अवैध बजरी खनन को लेकर विवादित बयान देने का भी आरोप है. लंबे समय से फरार चल रहे मीणा की तलाश जारी थी. गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है.
चित्तौड़गढ़ : विजिलेंस जांच से मचा हड़कंप
चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार क्षेत्र में जयपुर मुख्यालय से पहुंची विजिलेंस टीम की कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया. टीम ने आधा दर्जन विभागों में जांच की, जहां करीब 90 प्रतिशत कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए. विजिलेंस अधिकारियों ने मौके से उपस्थिति रजिस्टर जब्त कर लिए हैं. अचानक हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों में खलबली देखी गई. अब अनुपस्थित कार्मिकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
अजमेर : बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण रही
अजमेर में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं का पहला पेपर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. दसवीं का इंग्लिश और बारहवीं का मनोविज्ञान का पेपर आयोजित किया गया. प्रदेशभर के 6193 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक परीक्षा हुई. नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए गए थे. प्रशासन और शिक्षा विभाग की सतर्कता के चलते परीक्षा व्यवस्था सुचारू रही और कहीं से भी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली.
जोधपुर : ठगी आरोपी पर इनाम घोषित
जोधपुर में शेयर बाजार निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी के मामले में फरार आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. आरोपी पर एक हजार से अधिक लोगों से ठगी करने का आरोप है. उसके खिलाफ 14 से ज्यादा मामले दर्ज हैं और हिस्ट्रीशीट भी खुल चुकी है. गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें दबिश दे रही हैं. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है.
जोधपुर : राज्यपाल बागड़े जोधपुर पहुंचे
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एक दिवसीय दौरे पर जोधपुर पहुंचे, जहां विश्वविद्यालय के कुलपति पवन कुमार शर्मा ने उनकी अगवानी की. एसडीएम पंकज जैन और एडीसीपी वीरेंद्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. राज्यपाल मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के लिए रवाना हुए और जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:55 बजे एयरपोर्ट पहुंचकर 2 बजे किशनगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे.
बीकानेर : सीमा पर मिला पाक गुब्बारा
बीकानेर के छतरगढ़ क्षेत्र के कंकराला गांव में एक बार फिर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा गुब्बारा मिला है. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. सीमा क्षेत्र में इस तरह के गुब्बारे पहले भी मिल चुके हैं. सुरक्षा एजेंसियां इसे ध्यान भटकाने की कोशिश मान रही हैं. फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं.
खैरथल : कोल्ड ड्रिंक विवाद में हमला
खैरथल थाना क्षेत्र के दौलतनगर माजरा में किराना दुकान पर कोल्ड ड्रिंक देने में देरी को लेकर दो ग्राहकों में विवाद हो गया. कहासुनी बढ़ने पर एक युवक अपने परिजनों के साथ कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और दूसरे व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है.
जोधपुर: एमडीएम अस्पताल में जननी सुरक्षा व राजश्री योजना में घोटाला
जोधपुर के एमडीएम (MDM) अस्पताल में डीबीटी (DBT) भुगतान में बड़ी धोखाधड़ी सामने आई है. जननी सुरक्षा और राजश्री योजना के तहत करीब 9.42 लाख रुपये के गबन का मामला दर्ज किया गया है. ओजस सॉफ्टवेयर के माध्यम से किए गए भुगतानों में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं. इस मामले में डेटा एंट्री ऑपरेटर अनिल विश्नोई सहित अन्य कार्मिकों पर संदेह जताया गया है. अस्पताल अधीक्षक विकास राजपुरोहित की शिकायत पर शास्त्रीनगर पश्चिम थाने में आईपीसी की धारा 408 और 120बी के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
श्रीगंगानगर: 60 लाख की हेरोइन के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
श्रीगंगानगर में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 115 ग्राम हेरोइन बरामद की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है. यह कार्रवाई भारत माला रोड पर गजसिंहपुर-श्रीकरणपुर बाईपास के पास की गई. गिरफ्तार तस्करों में से एक साधुवाली और तीन रावला क्षेत्र के निवासी हैं. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है.
बस्सी (जयपुर ग्रामीण): नईनाथ धाम के पास पैंथर की दहशत
बस्सी के नईनाथ धाम इलाके में पैंथर की आवाजाही से ग्रामीण डरे हुए हैं. बीती रात एक पैंथर दीवार पर बैठा नजर आया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पैंथर काफी देर तक दीवार पर बैठा रहा और फिर जंगल की ओर निकल गया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
घटटू गांव के जीएसएस में लगी भीषण आग. टला बड़ा हादसा, दमकल ने पाया काबू
बीकानेर के नोखा क्षेत्र स्थित घटटू गांव में देर रात 33 केवी जीएसएस (GSS) में भीषण आग लग गई. आग लगने का कारण विद्युत लोड का अधिक होना बताया जा रहा है. ट्रांसफार्मर में तेल भरा होने की वजह से एक बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलने पर दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फोम व पानी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई. समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
जयपुर: केंद्रीय श्रमिक संगठनों की देशव्यापी हड़ताल
देश के सभी केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने आज हड़ताल का आह्वान किया है. इस हड़ताल में बैंकिंग सेक्टर, बीमा और रेलवे यूनियन के कर्मचारी भी शामिल हुए हैं. आज सुबह 11:00 बजे हसनपुरा स्थित रजिस्ट्रार ट्रेड यूनियन कार्यालय और NWREU पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. हड़ताल के कारण बैंकिंग और अन्य सरकारी सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है.
लालसोट (दौसा): दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
लालसोट शहर के ज्योतिबा फुले सर्कल के पास कोथून रोड पर एक दुकान में भीषण आग लग गई. आग की सूचना पर लालसोट थाना अधिकारी पवन कुमार और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग इतनी विकराल थी कि आसपास से भी दमकलें बुलानी पड़ीं. इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.