एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में महापंचायत
हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र के राठीखेड़ा गांव में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. इसी को लेकर किसानों ने संगरिया में महापंचायत बुलाने का ऐलान किया है. महापंचायत को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. किसी भी तरह की अफवाह या कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए संगरिया क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं. प्रशासन ने आज शाम 6 बजे से कल रात 12 बजे तक नेट बंद रखने के आदेश जारी किए हैं. वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संगरिया में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है.
एक्सप्रेस वे पर चलती कार में आग
दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक बड़ा हादसा सामने आया है. एक्सप्रेस वे के किलोमीटर स्टोन 160.8 के पास अचानक एक चलती कार में आग लग गई. कार में सवार दोनों व्यक्ति दिल्ली से जयपुर अपने आवास की ओर जा रहे थे. आग लगते ही दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. घटना की सूचना मिलते ही बांदीकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.
बीकानेर में 117 प्रिंसिपलों के तबादले
बीकानेर से शिक्षा विभाग की बड़ी खबर सामने आई है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने 117 प्रिंसिपलों के तबादलों की सूची जारी की है. यह तबादले उच्च माध्यमिक एवं समकक्ष पदों पर किए गए हैं. विभाग द्वारा कुल दो ट्रांसफर सूचियां जारी की गई हैं. लंबे समय से प्रतीक्षित इस सूची के जारी होते ही शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है. तबादलों से जुड़े आदेश संबंधित अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को भेज दिए गए हैं.
धौलपुर : नाबालिग दुष्कर्म में 20 साल सजा
धौलपुर में पॉक्सो कोर्ट ने 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को दोषी ठहराया है. कोर्ट ने 19 वर्षीय सलमान को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. इसके साथ ही आरोपी पर 6,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है. न्यायालय ने पीड़ित प्रतिकार स्कीम के तहत पीड़िता को 5 लाख रुपये मुआवजा देने के आदेश दिए हैं. यह मामला वर्ष 2024 में महिला पुलिस थाना धौलपुर में दर्ज हुआ था.
करौली : ऑनलाइन सट्टे पर कार्रवाई
करौली जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. थाना सदर हिण्डौन सिटी पुलिस ने आरोपी मुस्तकीम को दबोचा है. जिला पुलिस अब तक ऑनलाइन सट्टे में संलिप्त कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पूरे सट्टा नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. एसपी लोकेश सोनवाल ने कार्रवाई की जानकारी दी.
झुंझुनूं : शीतलहर से स्कूलों में अवकाश
झुंझुनूं जिले में शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 7 से 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है. जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं. आदेश के अनुसार विद्यालय स्टाफ विभागीय निर्देशानुसार उपस्थित रहेगा. अवकाश के दौरान यदि किसी स्कूल में कक्षाएं संचालित पाई जाती हैं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. ठंड को देखते हुए यह फैसला छात्रों की सुरक्षा के लिए लिया गया है.
NH-62 पर बस-कार की भीषण टक्कर
श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में NH-62 पर पीपेरन के पास स्लीपर बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए. राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग खुलने से दोनों की जान बच गई. बताया जा रहा है कि घना कोहरा हादसे की मुख्य वजह रहा. सूचना मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया.
अजमेर में साली ने जीजा पर लगाया रेप आरोप
अजमेर जिले के रामगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. पाली निवासी एक महिला ने अपने जीजा पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया. मामले में पुलिस ने जीरो नंबर से एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रामगंज थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.
बारां में परिवार संग टंकी पर चढ़ा युवक
बारां जिले के छबड़ा कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपने परिवार के साथ कृषि उपज मंडी स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया. सोलतपुरा निवासी जगदीश कुशवाहा ने एक व्यापारी पर भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है. पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ा हुआ है. सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने के प्रयास किए जा रहे हैं. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
झालावाड़ में स्मैक तस्कर गिरफ्तार
झालावाड़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जावर थाना पुलिस ने 70.71 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 11 हजार 800 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार तस्कर की पहचान पप्पूलाल मीणा निवासी अर्जुनपुरा गांव के रूप में हुई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.
वन विभाग में 259 वनपाल पदों पर होगी भर्ती
सिरोही में कड़ाके की सर्दी
बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पीबीएम अस्पताल में लापरवाही
बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के जनाना अस्पताल में एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां गर्भवती महिला के पेट में जुड़वा भ्रूण थे, लेकिन ऑपरेशन के दौरान केवल एक भ्रूण निकाला गया और महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. 15 दिन बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर जांच में पेट में दूसरा भ्रूण होने का खुलासा हुआ. परिजनों ने डॉक्टर संतोष खजोटिया पर लापरवाही का आरोप लगाया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने जांच कमेटी का गठन किया है.
विधायक निधि में कमीशन का मामला
विधायक निधि में कथित कमीशन के खेल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस प्रकरण में आज तीन विधायक विधानसभा में सदाचार समिति के सामने पेश होंगे. समिति के समक्ष पेशी का समय सुबह 11 बजे तय किया गया है. वहीं समिति ने कल भारत आदिवासी पार्टी के विधायक जयकृष्ण पटेल को भी तलब किया है. इस मामले ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है. सदाचार समिति द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई इसी आधार पर तय होगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.