उदयपुर में चोरी के बाद आगजनी
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में बीती रात चोरी, तोड़फोड़ और आगजनी की वारदात सामने आई है. घटना बातेड़ा की सराय इलाके की बताई जा रही है, जहां मकान मालिक परिवार सहित रिश्तेदार के यहां गया हुआ था. इसी दौरान कुछ लोग धारदार हथियार लेकर घर में घुसे और पहले जेवर चोरी किए, फिर घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी. सूचना मिलते ही मकान मालिक और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन महंगा सामान जलकर राख हो गया. पुलिस आपसी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है.
अलवर : गंदे पानी की रहस्यमयी लाइन
अलवर शहर के वार्ड 61 में रेलवे लाइन के पास गंदे पानी की रहस्यमयी पाइपलाइन मिलने से हड़कंप मच गया। भाजपा पार्षद सतीश यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मोटर से पाइप के जरिए गंदा पानी आखिर कहां जा रहा है। जलदाय विभाग के कर्मचारियों को बुलाया गया, मगर वे भी कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके। आसपास खेती या खाली जमीन नहीं होने से लोगों में दहशत है। पार्षद ने मामले की तत्काल जांच कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
टोंक : फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र मामला
टोंक जिले में फर्जी दिव्यांगता प्रमाण पत्र के मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है. जिला परिषद ने ग्राम विकास अधिकारी भर्ती 2021 में चयनित दो अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया. मालपुरा पंचायत समिति के विजय चौधरी और टोंक पंचायत समिति के शाहरुख खान पर आंखों की दिव्यांगता दिखाकर नौकरी पाने का आरोप था. अजमेर और जयपुर मेडिकल बोर्ड की जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए. इसके बाद वेतन-भत्तों की वसूली और प्रमाण पत्र जारी करने वाले डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर के निर्देश भी दिए गए हैं.
दौसा : दौसा में तेज रफ्तार का कहर
दौसा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा मानपुर थाना क्षेत्र के पीलोडी मोड़ के पास हुआ. दुर्घटना में बाइक सवार युवक सोनू और एक राहगीर युवती नमन घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.
बालोतरा : कलेक्टर नाम से फर्जी वॉट्सएप
बालोतरा में जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव के नाम से फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है. यह आईडी विदेशी नंबरों से संचालित हो रही थी, जिसे लेकर जिला प्रशासन ने प्रेस नोट जारी कर लोगों को सतर्क किया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के किसी भी संदेश या कॉल पर भरोसा न करें, क्योंकि यह पूरी तरह फर्जी आईडी है. अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध नंबरों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें ताकि साइबर ठगी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
टोंक में फर्जी दिव्यांगता प्रमाण पत्र पर बड़ा एक्शन
बीकानेर में खेजड़ी बचाओ आंदोलन ने पकड़ा जोर
सिरोही में चोरी करते पकड़ा गया चोर, महिला पर हमला
सिरोही जिले के सादुलपुरा मोहल्ले में देर रात चोरी करना एक चोर को भारी पड़ गया. मोहल्ले वासियों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान चोर ने एक महिला पर लोहे के सरिए से हमला कर उसे घायल कर दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश है. घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.
जयपुर में खेल अकादमियों के चयन ट्रायल शुरू
जयपुर में राजस्थान स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए चयन ट्रायल शुरू हो गए हैं. SMS स्टेडियम में 3 फरवरी से 10 फरवरी तक विभिन्न खेल अकादमियों के सेलेक्शन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं. RSSC की सचिव नीतू बारूपाल ने बताया कि इन ट्रायल्स के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. प्रदेशभर से खिलाड़ी ट्रायल में हिस्सा ले रहे हैं. खेल अकादमियों में चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें.
जयपुर एयरपोर्ट पर CISF इंडक्शन के 26 साल पूरे
जयपुर एयरपोर्ट पर CISF के इंडक्शन के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे टर्मिनल-2 पर आयोजित हुआ, जिसमें जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल मुख्य अतिथि रहे. CISF के CAO अभिनेष भट्ट और कमांडेंट नवीन भगत भी कार्यक्रम में मौजूद रहे. उल्लेखनीय है कि 3 फरवरी 2000 को देश में सबसे पहले जयपुर एयरपोर्ट पर CISF की तैनाती की गई थी. कार्यक्रम में CISF की भूमिका, उपलब्धियों और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डाला गया.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.