मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आज युवाओं से करेंगे संवाद
जोधपुर के बासनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जोधपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में बासनी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने डंपिंग स्टेशन गली नंबर 8 से करीब 300 ग्राम अफीम का दूध जब्त किया है. मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान भैराराम पुत्र सुरजाराम, जाति विश्नोई के रूप में हुई है. वह गोदारा की ढाणी, डोली कल्ला, थाना कल्याणपुर, बालोतरा का निवासी बताया गया है. मामले की आगे की जांच शास्त्री नगर थाना पुलिस करेगी.
जोधपुर के डीसीपी ऑफिस ईस्ट के एएसआई का निधन
जोधपुर में डीसीपी ऑफिस ईस्ट क्राइम ब्रांच में तैनात एएसआई लूणाराम का निधन हो गया. अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एएसआई लूणाराम माली पीपाड़ क्षेत्र के रहने वाले थे. उनके असामयिक निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है. साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है.
बाड़मेर में हरसानी क्षेत्र में जर्जर सड़कें बनी बड़ी समस्या
बाड़मेर जिले के हरसानी क्षेत्र में सरहदी इलाकों की सड़कों की हालत बेहद खराब है. कई सड़कें पिछले करीब 20 वर्षों से नहीं बनी हैं, जिससे वे पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं. हरसानी से झणकली जाने वाली सड़क और सोलंकिया से झणकली जुड़िया मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त है. गडरारोड़ को फतेहगढ़ से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क भी टूटी हुई है. पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव भेजने की बात कही है, लेकिन जनता लंबे समय से इंतजार कर रही है.
कोटपूतली-बहरोड़ में प्रभारी मंत्री ने लगाया रात्रि चौपाल
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के ग्राम बसई में रात्रि चौपाल और जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री विजय सिंह ने शिरकत की. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. पानी, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे ग्रामीणों ने सामने रखे. प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए. ग्रामीणों ने जनसुनवाई कार्यक्रम को उपयोगी बताया और संतोष व्यक्त किया.
चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट कोहरे के कारण रद्द
जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को कोहरे के कारण रद्द कर दिया गया है. इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-7742 आज सुबह 5:50 बजे जयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन चंडीगढ़ में घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी के चलते इसे रद्द करना पड़ा. फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. एयरलाइंस की ओर से प्रभावित यात्रियों को दोपहर और शाम की अन्य उपलब्ध फ्लाइट्स में शिफ्ट किया जा रहा है, ताकि उनकी यात्रा पूरी कराई जा सके.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.