राजस्थान में आज मकर संक्रांति पर्व पर सुबह से मंदिरों में भीड़ है। एकादशी वाले विशेष संयोग के साथ आज पर्व मनाया जा रहा है। जयपुर में भगवान गोविंद देवजी को सोने की पतंग चढ़ाई गई है।
परकोटे वाले गणेशजी के मंदिर में भी पतंगों से सजावट की गई है। गलता तीर्थ में श्रद्धालु सुबह से ही डुबकी लगा रहे हैं। पतंगबाजों के लिए आज सबसे बड़ा दिन है।
सुबह से ही जयपुर के परकोटे से दूसरे इलाकों में छत्तों पर म्यूजिक बजने लगा है। पतंगबाजों ने पंतगें लंबी कर ली हैं। हालांकि, आर्मी डे परेड की तैयारियों के चलते 5KM में नो काइट जोन रहेगा।
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार सुबह 11 बजे हवा की स्पीड भी कम रहेगी। इससे पतंग उड़ाने वालों को परेशानी हो सकती है।
ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार, भोग में तिल के लड्डू-गजक
जयपुर के आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में भी सुबह मंगला आरती के साथ ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया गया है।
ठाकुरजी के हाथों में सोने की पतंग और राधा रानी के हाथों में चांदी की चरखी सजाई गई है। मंदिर परिसर को हजारों पतंगों और चरखियों से सजाया गया है।
वहीं, मकर संक्रांति बुधवार और एकादशी के विशेष संयोग में होने से परकोटा स्थित गणेश मंदिर में भी कई धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। सुबह भगवान गणेश को औषधीय, केवड़ा और गुलाब जल से स्नान कराया गया।
इसके बाद नवीन पोशाक धारण कराकर सिंदूर का चोला चढ़ाया गया और फूल बंगला में विराजमान किया गया। महंत अमित शर्मा के सानिध्य में भगवान गणेश की कलात्मक पतंग झांकी सजाई गई है।
इसके अलावा फीणी, तिल के लड्डू, गाजर, गाजर का हलवा और दाल की पकौड़ी भी भोग में शामिल हैं।
हवा की स्पीड कम रहने की आशंका
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- 14 जनवरी के दिन हवा की स्थिति सुबह 10-11 बजे तक कमजोर रहने का अनुमान है। यानी हवा की गति 4 किलोमीटर प्रतिघंटा से भी कम रहने की संभावना है, जो पतंगबाजी के लिए ठीक नहीं है।
दोपहर में 11-12 बजे के बाद हवा की रफ्तार में थोड़ी बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इस दौरान उत्तर से हवा आनी शुरू होगी। इसकी रफ्तार 4 से 8 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहने का अनुमान है।
जबकि दोपहर 3 बजे बाद से हवा की दिशा में थोड़ा बदलाव होने की संभावना है। ये पश्चिम दिशा से चलकर पूर्व की तरफ रहने का अनुमान है।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.