जयपुर. राजधानी जयपुर के बजाज नगर थाना पुलिस ने 27 साल पुराने भरोसे को तोड़ने वाली एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए शातिर नौकर को बिहार से गिरफ्तार किया है. आरोपी ने अपने ही मालिक के घर से लाखों रुपये चुराकर जमीन में गाड़ दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है. बजाज नगर थाना पुलिस की स्पेशल टीम ने महज 24 घंटे में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए करीब 1500 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी नौकर मंटू उर्फ रामू उर्फ मनोज ठाकुर को बिहार से गिरफ्तार किया.
आरोपी ने अपने मालिक के घर से कुल 62 लाख 50 हजार रुपये चुराए थे, जिनमें से 52 लाख 50 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं. थानाधिकारी पूनम चौधरी ने बताया कि थाना क्षेत्र के देवनगर,
टोंक रोड स्थित एक मकान में ताले तोड़कर नकदी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.
ताले तोड़कर की थी लाखों की चोरी
थानाधिकारी ने बताया कि परिवादी व्यापारी निखिल अग्रवाल ने बताया था कि उसके घर से करीब 22 लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टीम का गठन किया गया. जांच में सामने आया कि परिवार के विदेश जाने के बाद आरोपी नौकर ने रात के समय दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया. इसके बाद कमरों के ताले तोड़कर आलमारियों में रखी नकदी लेकर फरार हो गया. आरोपी बीते 27 वर्षों से उसी घर में काम कर रहा था, जिससे मालिक का उस पर पूरा भरोसा था.
पंडित के कहने पर रखा था सिंह राशि का नौकर
जानकारी में सामने आया कि 27 साल पहले एक जानकार पंडित ने व्यापारी को सलाह दी थी कि सिंह राशि का नौकर रखने से व्यापार में बरकत होगी. पंडित की सलाह पर ही
बिहार निवासी मनोज ठाकुर को नौकर रखा गया. कई सालों तक काम करते हुए नौकर ने व्यापारी का भरोसा जीता और धीरे-धीरे चोरी करने लगा, जिसकी भनक भी मालिक को नहीं लगी.
दो पत्नियों के बीच बराबर बांटता था चोरी की रकम
बजाज नगर थानाधिकारी पूनम चौधरी ने बताया कि आरोपी नौकर के दो पत्नियों हैं. आरोपी नोकर चोरी की रकम भी बराबर दोनों पत्नियों में बांटता था. पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो पुलिस ने आरोपी को झांसे में लेने के झूठ कहा कि उसने 60 लाख रुपए चुराए हैं. इसके बाद आरोपी घबरा गया और उसने स्वीकार किया कि सिर्फ 52 लाख 50 हजार रुपए चुराए हैं. आरोपी के बताने पर पुलिस भी चौंक गई, क्योंकि व्यापारी ने सिर्फ 22 लाख चोरी होने की रिपोर्ट लिखवाई थी.
पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो आरोपी की पत्नियों ने बताया कि उन्होंने यह पैसे जमीन में गाड़ रखे हैं. उसके बाद पुलिस ने जमीन से पैसे निकलवाए और आरोपी को गिरफ्तार कर
जयपुर लाया गया. इस पूरी कार्रवाई में स्पेशल टीम के सदस्यों, विशेष रूप से कांस्टेबल रामवतार, नाहर सिंह और शंकरलाल की अहम भूमिका रही.