आरोपी तालिब, जिसे चोरी के आरोप में पकड़ा गया।
जगराओं शहर के मुख्य बाजार में मंगलवार को एक युवक को चोरी के आरोप में पकड़ लिया गया। वह यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है। युवक ने न केवल चोरी की वारदात कबूल की, बल्कि चुराए गए गहने भी वापस मंगवाए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पहचान तालिब नाम से हुई। कुछ समय पहले मलेरकोटला के गांव अमरगढ़ में एक सुनार की दुकान से सोने के गहनों की चोरी हुई थी। यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पीड़ित सुनार ने चोर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को ज्वेलर्स के वॉट्सऐप ग्रुप में साझा किया था।
दुकान पर ताबीज लेने पहुंचा, तो हुआ शक
मंगलवार को वही युवक जगराओं के मुख्य बाजार में एक ज्वेलर की दुकान पर ताबीज लेने पहुंचा। दुकानदार ने उसे पास की चांदी की दुकान पर भेज दिया। चांदी की दुकान पर युवक द्वारा ताबीज मांगे जाने पर दुकानदार को उस पर शक हुआ। उसने वायरल वीडियो से युवक का मिलान किया और पुष्टि की कि यह वही चोर है।
पुलिस बुलाने की चेतावनी पर घबराया युवक
इसके बाद शिवम टंडन के साथ मिलकर दुकानदार ने युवक को पकड़ लिया और शोर मचाया। आसपास के दुकानदार तुरंत मौके पर जमा हो गए। पुलिस बुलाने की चेतावनी पर युवक घबरा गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने सोने की चेन और कानों की बालियां चुराई थीं, जिन्हें बेचने के लिए उसने अपने परिजनों को उत्तर प्रदेश भेज दिया था।
युवक ने मौके पर ही अपने परिजनों को फोन कर चोरी किए गए सोने के गहने वापस लाने को कहा। दुकानदारों ने इस बात पर जोर दिया कि सीसीटीवी फुटेज के कारण ही चोर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी संभव हो पाई।
युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया
दुकानदारों ने अमरगढ़ के पीड़ित सुनार को घटना की सूचना दी ताकि वह आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकें। थाना सिटी जगराओं के SHO परमिंदर सिंह ने बताया कि युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.