दरअसल जब एक पिता के पैरों में इंफेक्शन हो गया और उनका चलना-फिरना बंद हो गया है, तब उस पिता के तीन बेटों ने उन्हें सहारा देने के बजाय, अपने घर से ही बाहर निकाल दिया. वहीं इस दौरान वह बेबस पिता बढ़ती ठंड के बीच हाईवे किनारे पड़ा हुआ मिला. इसके बाद उनकी तबीयत को बिगड़ता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 की टीम को दी.
मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने जब इस बारे में वंदे मातरम दल को सूची किया तो वह मौके पर पहुंचे और ठंड में ठिठुरते उस पिता का रेस्क्यू करके उन्हें नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया. फिलहाल उस पिता का नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है, लेकिन अभी तक उनके घर से कोई भी बेटा उनका हाल-चाल तक पूछने के लिए नहीं आया है.
मौके पर पहुंची वंदे मातरम टीम
वहीं इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए वंदे मातरम दल के सदस्य भरत कुमार ने बताया कि उन्हें रात लगभग 9:30 बजे डायल 112 की ओर से एक कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें उन्हें बताया गया था कि एक बुजुर्ग व्यक्ति दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे के फुटपाथ पर पड़ा हुआ है. जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि उस व्यक्ति के दोनों पैर गले हुए थे और वह ठंड से कांप रहा था.
उन्होंने कहा कि जब उस व्यक्ति से उन्होंने पूछा तो उसने बताया कि वह लोहागढ़ का रहने वाला है और उसका नाम इंद्रजीत है. उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति की ओर से टीम को यह भी जानकारी दी गई थी कि उसके तीन लड़कों और पत्नी के द्वारा घर से उसे बाहर निकाल दिया गया है. वहीं भरत कुमार ने उस व्यक्ति के परिजनों से अपील करते हुए कहा है कि वह जहां कहीं भी हो, उस व्यक्ति की सूझबूझ लें, क्योंकि वह बुजुर्ग व्यक्ति काफी दयनीय स्थिति में है और उसके कपड़े भी काफी ज्यादा गंदे हो चुके हैं.
खंडहर से किया था बुजुर्ग का रेस्क्यू
भरत कुमार ने बताया कि बीते दिनों अंबाला शहर में पहले भी एक व्यक्ति खंडहर मकान में इसी तरह काफी ज्यादा दयनीय स्थिति में मिला था और उस व्यक्ति के शहर में रिश्तेदार होने के बाद भी कोई भी उसका हाल-चाल जानने के लिए नहीं पहुंचा था. उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई थी कि वह व्यक्ति पिछले 6 दिनों से एक खंडहर मकान में बीमार गंदगी के बीच जमीन पर ही पड़ा हुआ था.
जब उनकी टीम मौके पर पहुंची, तब उस बुजुर्ग का रेस्क्यू करके उसे नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. उन्होंने कहा कि फिलहाल रोजाना उनकी टीम उस व्यक्ति के कपड़े इत्यादि बदलने का कार्य कर रही है और जितना उनसे हो पा रहा है, वह उस व्यक्ति का इलाज करवाने में कार्य कर रहे हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.