जोधपुर की साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक करीब 36 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जबकि 40 मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की गहनता से जांच की गई है।
पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। इसी क्रम में प्रेक्षा अस्पताल के 6 स्टाफ सदस्यों से पूछताछ की गई है। इसके अलावा साध्वी प्रेम बाईसा के कजिन, मैनेजर सहित कुल 7 लोगों से भी सवाल-जवाब किए गए हैं। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि साध्वी के सोशल मीडिया अकाउंट का संचालन करने वाले 4 सोशल मीडिया हैंडलर भी पुलिस की पूछताछ के दायरे में आए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, साध्वी के आसपास रहने वाले 5 पड़ोसियों से भी पूछताछ की गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले या बाद में कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई। वहीं, पुलिस ने 5 ऐसे लोगों से भी पूछताछ की है, जो संदेह के दायरे में बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा, उन 6 लोगों से भी पूछताछ की गई है, जिनके घर साध्वी प्रेम बाईसा कुछ समय के लिए ठहरी थीं या जो उनके घर रुके थे। मेडिकल एंगल से जांच करते हुए पुलिस ने 3 ऐसे डॉक्टरों से भी सवाल किए हैं, जिन्होंने पहले साध्वी का इलाज किया था।
ये भी पढ़ें- RBSE News: आरबीएसई 12वीं परीक्षा समय-सारणी में बदलाव, कंप्यूटर विज्ञान व चित्रकला के पेपर में हुआ परिवर्तन
फिलहाल पुलिस विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसे इस मामले में एक अहम कड़ी माना जा रहा है। पूरे प्रकरण की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही है।
एसीपी छवि शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है। सभी संभावित बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर संदिग्धों का पॉलीग्राफ टेस्ट भी कराया जा सकता है। फिलहाल साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को लेकर कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्यमय मौत से पर्दा उठने की उम्मीद की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.